हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। कम्युनिटी डॉग फीडर्स के कथित उत्पीड़न के विरोध में कैस्पर होम ट्रस्ट की ओर से आगरा नगर निगम को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सदर क्षेत्र के डॉग फीडर नवीन वशिष्ठ को एक शिकायत के आधार पर पुलिस ने 16 जून को कई घंटे तक थाने में बैठाए रखा।
कैस्पर होम ट्रस्ट की मुख्य ट्रस्टी एवं आगरा नगर निगम की मानद पशु क्रूरता निवारण अभियान प्रतिनिधि वीनीता अरोड़ा ने सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडे को दिए ज्ञापन में कहा कि कुत्तों को भोजन कराने वाले लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त आधार के नवीन वशिष्ठ को थाने में रोककर मानसिक उत्पीड़न किया गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि कुत्ता काटने अथवा फीडिंग से संबंधित शिकायतों को नगर निगम स्तर पर निस्तारित किया जाए तथा बिना पर्याप्त साक्ष्य किसी भी डॉग फीडर को हिरासत में न लिया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने, पशु कल्याण बोर्ड की गाइडलाइन सभी थानों तक पहुंचाने और फीडर्स की शिकायतों के लिए नगर निगम में नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग भी की गई।
वीनीता अरोड़ा ने कहा कि पशुओं को भोजन कराना कानूनन मान्य है तथा इस संबंध में जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। ज्ञापन की प्रतिलिपि एसएसपी आगरा, डीजीपी उत्तर प्रदेश,एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को भी भेजी गई है।
इस दौरान नवीन वशिष्ठ, सारिका तिवारी,अमृत पाल सिंह, सरगुन, श्वेता चावला, वंदना दुबे एवं अभ्युदय तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

