योग को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा,18 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में क्रीड़ा भारती आगरा द्वारा आयोजित योग सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को लाल किला परिसर में प्रातःकालीन योगाभ्यास एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों,पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
प्रांत योग प्रमुख परमजीत सरना ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय मातृशक्ति प्रमुख रीना सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाता है। नियमित योगाभ्यास से जीवन में अनुशासन, सकारात्मकता और निरोगता का संचार होता है।
कार्यक्रम में क्षेत्र संयोजक राजेश कुलश्रेष्ठ,प्रांत अध्यक्ष रिनेश मित्तल, प्रांत उपाध्यक्ष सुरेंद्र, सहप्रांत मंत्री मोहित वर्मा, विभाग संयोजक राजेश सिंह कुशवाहा, महानगर कार्यकारिणी अध्यक्ष राजीव सोई, महानगर मंत्री अरुण सविता, जिला अध्यक्ष बी.के. मित्तल, जिला मंत्री चंद्रप्रकाश सिंह राजपूत सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी योग साधकों एवं पदाधिकारियों ने आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का संकल्प लिया। क्रीड़ा भारती ने बताया कि योग सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में शहर के विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



