हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा : पंजाब नेशनल बैंक,आगरा जोन द्वारा खंदौली स्थित सूरज फार्म में किसान गोष्ठी, वित्तीय जागरूकता एवं मेगा ऋण मुक्ति शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में किसानों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, बैंक ग्राहकों तथा स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राहकों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना तथा बकाया ऋण खातों के समाधान के लिए वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) का लाभ उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंजाब नेशनल बैंक के कार्यपालक निदेशक एम. परमसिवम रहे। विशिष्ट अतिथियों में जोनल मैनेजर अंजू मित्तल एवं सर्किल हेड संजय कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।
इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने किसानों और ग्राहकों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा अन्य सरकारी एवं बैंकिंग योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही बचत, निवेश, ऋण प्रबंधन और साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए गए।
कार्यपालक निदेशक एम. परमसिवम ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक देशभर में वित्तीय सशक्तिकरण और ग्राहक जागरूकता के लिए लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने बताया कि मेगा ऋण मुक्ति शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ऋण खातों का समझौते के माध्यम से सफल निस्तारण किया गया, जिससे कई परिवारों को आर्थिक राहत मिली है। उन्होंने बैंक अधिकारियों से ग्राहकों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जोनल मैनेजर अंजू मित्तल ने कहा कि बैंक ग्रामीण और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा उसकी योजनाएं किसानों, महिलाओं, युवाओं और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वहीं सर्किल हेड संजय कुमार श्रीवास्तव ने ग्राहकों से डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को अपनाने, समय पर ऋण अदायगी करने और बैंक की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए कृषि अधिकारी सत्यधा मिश्रा को “बेस्ट टारगेट अचीवर अवार्ड” से सम्मानित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ऋण खातों के निस्तारण के साथ बैंक की विभिन्न योजनाओं के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।





