हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा, 21 जून। विश्व संवाद केंद्र द्वारा आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह में वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका, सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर विस्तार से विचार रखे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
मुख्य वक्ता पदम सिंह ने कहा कि भारतीय पत्रकारिता सदैव सत्य, राष्ट्रवाद और सामाजिक सरोकारों पर आधारित रही है। स्वतंत्रता के बाद भारतीय पत्रकारिता ने राष्ट्रहित के मुद्दों को प्रमुखता देकर समाज को जागरूक करने और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा को धैर्य, समर्पण और समाज सेवा का प्रतीक बताया।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार अमित पाण्डेय (नेटवर्क-18) ने कहा कि पत्रकारिता केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने पत्रकारों से “नेशन फर्स्ट” की भावना के साथ निष्पक्ष, तथ्यपरक और उत्तरदायी पत्रकारिता करने का आह्वान किया। उनका कहना था कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सत्य और संतुलित पत्रकारिता आवश्यक है।
समारोह में विभिन्न पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अशोक रैना ने की। हेमंत उपाध्याय ने अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया, जबकि मंच संचालन अशोक चौबे और सीए संजीव सिंह ने किया।
इस अवसर पर प्रांत प्रचार प्रमुख कीर्ति, सह प्रांत प्रचार प्रमुख मनमोहन निरंकारी, वरिष्ठ पत्रकार डॉ.बचन सिंह सिकरवार,सीए पंकज मिश्रा, विजय गोयल, दिनेश शर्मा, रजत सिंघल, डॉ.राहुल कप्तान, विनीत शर्मा, मनी चड्ढा, अभिषेक फौजदार, राजीव तथा अनुज सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।





