हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। विगत हिन्दू कल्याण महासभा द्वारा पर्यावरण संरक्षण,सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरण के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण,सामाजिक जागरूकता एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत राज्यसभा सांसद नवीन जैन के साथ हिन्दू कल्याण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए वृक्षारोपण,जल संरक्षण एवं स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक सेवा और नैतिक संस्कारों को बढ़ावा देने पर भी विशेष बल दिया गया।
हिन्दू कल्याण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं सशक्तिकरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता,पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आयोजन में भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता एवं हिन्दू कल्याण महासभा के राहुल चित्तौडिया महानगर अध्यक्ष, सुशील भदौरिया मंडल अध्यक्ष, शन्नी धाकरे, हरी सिंह, मोनू कुशवाहा, सौरभ ठाकुर, अभिषेक, मनोज चौधरी, पुनीत, सन्नी कुमार, रोहित, ऋतिक, धीरज महिला सेना आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।






