“कफन” फिल्म ने दिया मानवता, एकता और सामाजिक समरसता का संदेश

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। आरए मूवीज की सामाजिक सरोकारों पर आधारित शॉर्ट फिल्म “कफन” का प्रीमियर शो रविवार को सेल्फी रेस्टोरेंट में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मेयर हेमलता दिवाकर एवं फुटवेयर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद के चेयरमैन पूरन डाबर ने भारत माता तथा स्व. राजकुमार सामा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

महज 15 मिनट की इस फिल्म ने दर्शकों को मानवता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रभावी संदेश दिया। मेयर हेमलता दिवाकर ने कहा कि “कफन” जैसी फिल्में समाज को जोड़ने और आपसी सौहार्द बढ़ाने का कार्य करती हैं। वहीं पूरन डाबर ने फिल्म को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि मानवता का भाव ही समाज को मजबूत बनाता है।

फिल्म निर्माता रंजीत सामा और विजय सामा ने बताया कि स्व. एचसी गुप्ता को समर्पित यह फिल्म चार अलग-अलग धर्मों के मित्रों की कहानी है, जो इंसानियत को सर्वोपरि मानते हैं। फिल्म सामाजिक संवेदनशीलता और एकता का संदेश देती है तथा दर्शकों को आत्ममंथन के लिए प्रेरित करती है।

फिल्म में उमाशंकर मिश्रा, संजय दुबे, शकील खान, मुकेश नेचुरल, सोमा जैन, वीना अग्रवाल और आकांक्षा अग्रवाल ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म के सहनिर्माता अनिल लाल अरोड़ा एवं संजय दुबे, निर्देशक हेमन्त वर्मा तथा लेखक राहुल अचलेश गुप्ता हैं। बाल कलाकार के रूप में शौर्य गोयल और धैर्य गोयल ने अभिनय किया है।

प्रीमियर शो में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। दर्शकों ने फिल्म की कहानी, संवाद और प्रस्तुति की सराहना करते हुए इसे सामाजिक बदलाव का प्रभावी माध्यम बताया।