लखनऊ से बनारस तक के स्वादों का संगम,फेयरफील्ड बाय मैरियट में शुरू होगा स्ट्रीट फूड फेस्टिवल

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा,18 जून। उत्तर प्रदेश की समृद्ध खानपान परंपरा और प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड संस्कृति को एक मंच पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से फेयरफील्ड बाय मैरियट आगरा में "स्वाद गलियों से" उत्तर प्रदेश स्ट्रीट फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। फेस्टिवल में लखनऊ, बनारस, बुंदेलखंड सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लोकप्रिय व्यंजनों का स्वाद एक ही छत के नीचे मिलेगा।

गुरुवार को होटल के कॉसमॉस रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता में होटल प्रबंधक अमित कुमार मेहता, एग्जीक्यूटिव शेफ अश्विनी निगम और फूड एंड बेवरेज मैनेजर धनंजय सिंह ने फेस्टिवल की जानकारी दी।

अमित कुमार मेहता ने बताया कि फेस्टिवल का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की समृद्ध पाक विरासत और विविध स्वादों को आगरा के लोगों तथा पर्यटकों तक पहुंचाना है। वहीं एग्जीक्यूटिव शेफ अश्विनी निगम ने कहा कि मेन्यू को पारंपरिक रेसिपी और स्थानीय स्वादों के अनुरूप तैयार किया गया है, जिससे हर व्यंजन अपने क्षेत्र की विशिष्ट पहचान को प्रदर्शित करेगा।

फूड एंड बेवरेज मैनेजर धनंजय सिंह के अनुसार फेस्टिवल में दालमोठ क्रस्टेड कटलेट, चपली कबाब, अवधी बिरयानी, सेठ गली के भल्ले, शाही टुकड़ा,अरबी-मखाने का झोल, हींग कचौड़ी, मटर का निमोना, लिट्टी-चोखा, मक्कई और लहसुन का रास, पनीर बुंदेली टिक्का तथा खोपरा पाक जैसे व्यंजन विशेष आकर्षण होंगे।

होटल प्रबंधन ने शहरवासियों और पर्यटकों को इस विशेष फूड फेस्टिवल में शामिल होकर उत्तर प्रदेश के पारंपरिक स्वादों का आनंद लेने के लिए आमंत्रित किया है। यह फेस्टिवल प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 10:30 बजे तक कॉसमॉस रेस्टोरेंट, फेयरफील्ड बाय मैरियट आगरा में आयोजित होगा।