बर्मिंघम में आगरा की कवयित्री निशिराज जैन को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। आगरा की सुप्रसिद्ध कवयित्री, गायिका एवं शिक्षिका निशिराज जैन को ब्रिटेन के बर्मिंघम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय साहित्य उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया। यह आयोजन भारतीय भाषाओं और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित अंतरराष्ट्रीय संस्था गीतांजली मल्टीलिंग्विस्टिक सोसाइटी (यूके) द्वारा किया गया।

डॉ. शैलेंद्र एलन के फार्म हाउस पर आयोजित काव्य गोष्ठी में निशिराज जैन का साहित्यप्रेमियों और रचनाकारों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक डॉ. कृष्ण कुमार, परवेज मुजफ्फर, डॉ. शैलेंद्र एलन, डॉ. राजीव, मधु शर्मा, स्वर्ण तलवार, प्रतिमा, अलका, इंदु तथा राजकुमार जैन सहित अनेक साहित्यकार उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान संस्था ने निशिराज जैन के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक योगदान को सम्मान देते हुए उन्हें गीतांजली मल्टीलिंग्विस्टिक सोसाइटी, यूके की मानद (कॉम्प्लीमेंट्री) सदस्यता भी प्रदान की।

मुख्य अतिथि के रूप में निशिराज जैन ने कवियों की प्रस्तुतियों की सारगर्भित समीक्षा कर श्रोताओं और साहित्यकारों का दिल जीत लिया। उनकी साहित्यिक टिप्पणियों और विद्वतापूर्ण विचारों की सभी ने सराहना की।

अपने संबोधन में निशिराज जैन ने कहा कि विदेश की धरती पर भारतीय भाषाओं और संस्कृति के प्रति समर्पण देखकर उन्हें गर्व की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि गीतांजली मल्टीलिंग्विस्टिक सोसाइटी भारतीय भाषाओं और सांस्कृतिक मूल्यों को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।

इस उपलब्धि से आगरा के साहित्यिक और सांस्कृतिक जगत में हर्ष का माहौल है तथा इसे शहर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।