0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं : सीएमओ
2703 बूथों पर पिलाई गई पोलियो की खुराक, आज से घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा, 28 जून। जनपद में सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जीवनीमंडी में तीन वर्षीय निष्ठा और एक वर्षीय अक्षत को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं।
सीएमओ डॉ.अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि भारत ने लंबे प्रयासों और जनसहभागिता के बल पर स्वयं को पोलियो मुक्त बनाया है, लेकिन पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो वायरस का खतरा बना हुआ है। ऐसे में एहतियात के तौर पर देश के प्रत्येक बच्चे को पोलियो के विरुद्ध पूर्ण रूप से प्रतिरक्षित करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि 29 जून से 3 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार को आयोजित बूथ दिवस के दौरान जनपद के 2703 बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। उन्होंने बताया कि पोलियो का टीका नियमित टीकाकरण कार्यक्रम का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। जन्म के समय पोलियो ड्रॉप देने के बाद छह, दस और चौदह सप्ताह की आयु में तथा 16 से 24 महीने के बीच बूस्टर डोज दी जाती है। उन्होंने कहा कि पोलियो की दवा पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर,जीवनीमंडी की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना शर्मा ने बताया कि अभियान के शुभारंभ अवसर पर सीएमओ ने वैक्सीन के रखरखाव एवं कोल्ड चेन व्यवस्था की भी जानकारी ली।
कमला नगर निवासी अतुल अग्रवाल ने बताया कि वह अपनी 15 माह की बेटी रियांशी का नियमित टीकाकरण समय पर कराते हैं और हर बार पोलियो बूथ पर जाकर उसे खुराक पिलवाते हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे भी अपने बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं।
इस अवसर पर डॉ. मेघना शर्मा, डॉ. अंबिका, डॉ. ललित मिश्रा, विश्व स्वास्थ्य संगठन की एसएमओ डॉ. अमृता अग्रवाल, यूपीटीएसयू की प्रतिनिधि मोनिका सिंह, नर्सिंग स्टाफ अंजलि, सरिता, नीरज, एलटी राजीव, आईओ अभय, आशा कार्यकर्ता मधु सहित स्वास्थ्य विभाग का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
सघन पल्स पोलियो अभियान : एक नजर में
लक्षित लाभार्थी बच्चे : 6,84,578
गृह भ्रमण टीमें : 1,761
ट्रांजिट टीमें : 99
मोबाइल टीमें : 45
सुपरवाइजर : 530
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाकर उन्हें आजीवन अपंगता से बचाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।




