पूर्वमुखी हनुमान मंदिर के पुनर्निर्माण का प्रथम वर्ष पूर्ण, भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। गत रविवार,संजय प्लेस स्थित प्राचीन श्री पूर्वमुखी हनुमान मंदिर के पुनर्निर्माण का प्रथम वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में  मंदिर परिसर में भव्य भजन संध्या एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भगवान हनुमान के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

भजन संध्या के दौरान कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर मंदिर परिसर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। श्रद्धालु देर शाम तक भजनों का आनंद लेते रहे और पूरे परिसर में "जय श्रीराम" एवं "बजरंगबली की जय" के उद्घोष गूंजते रहे।

आयोजन को सफल बनाने में संजय प्लेस व्यापारी वर्ग एवं रेजिडेंशियल सोसायटी के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंदिर के पुनर्निर्माण के बाद से यहां नियमित रूप से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण को बढ़ावा मिला है।

इस अवसर पर राजेश अग्रवाल, नितिन मित्तल, विजय गुप्ता, नितिन असवानी, यशु गोयल, ऋषभ मित्तल, योगेश गर्ग, राजीव जिंदल, रवि गोयल,चतुर्भुज तिवारी तथा मंदिर के महंत श्रवण कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण के साथ हुआ। आयोजन के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का भाव देखने को मिला।