मधुर जैन के नेत्रदान से दो जिंदगियों में होगा उजाला



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। पश्चिमपुरी, बोदला निवासी मधुर जैन (51) के निधन के उपरांत उनके परिजनों ने समाज के प्रति संवेदनशीलता और मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए उनका नेत्रदान कराया। हेल्प आगरा के सहयोग से उनके दोनों कॉर्निया एस.एन. मेडिकल कॉलेज की आई बैंक को दान किए गए,जिससे दृष्टिहीन दो लोगों के जीवन में रोशनी आएगी।

स्वर्गीय विनोद कुमार जैन के सुपुत्र मधुर जैन के निधन के बाद परिवारजनों ने हेल्प आगरा के देहदान एवं नेत्रदान प्रभारी प्रदीप जैन से संपर्क किया। सूचना मिलते ही एस.एन. मेडिकल कॉलेज की आई बैंक प्रभारी डॉ. शेफाली मजूमदार के निर्देशन में ग्रीफ काउंसलर दीपक शर्मा एवं चिकित्सक दल ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर नेत्रदान संपन्न कराया।

हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन, महासचिव गौतम सेठ अग्रवाल,प्रभारी प्रतीक जैन तथा मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने कहा कि नेत्रदान सबसे बड़ी मानव सेवा है। उन्होंने लोगों से जीवनकाल में नेत्रदान का संकल्प लेने तथा अपने परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि नेत्रदान संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए हेल्प आगरा के हेल्पलाइन नंबर 9319111000 पर संपर्क किया जा सकता है। नेत्रदान की इस प्रेरणादायक पहल ने समाज में मानवता और सेवा का संदेश दिया है।