हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। प्राचीन सीताराम मंदिर,वजीरपुरा में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर 8 से 15 जून तक आयोजित होने वाले श्रीमद्भागवत महापुराण महोत्सव के शुभारंभ से पूर्व बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम महंत अनंत उपाध्याय, मुकेश शर्मा एवं पंकज शास्त्री के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
मुख्य यजमान निरंजन लाल सारस्वत एवं आशा सारस्वत ने विधि-विधानपूर्वक भूमि पूजन कर आयोजन की सफलता तथा जनकल्याण की कामना की। वैदिक आचार्यों के मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय हो उठा और उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी अनुष्ठान में सहभागिता कर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया।
कार्यक्रम संयोजक मनीष अग्रवाल ने बताया कि 8 जून से 15 जून तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सायं 7 बजे तक श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का आयोजन होगा। कथा का वाचन भागवताचार्य श्री चैतन्य हरिचरत जी महाराज द्वारा किया जाएगा।
महंत अनंत उपाध्याय ने कहा कि पुरुषोत्तम मास भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है। इस अवधि में श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण भक्तों के जीवन में भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का संचार करता है तथा आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत महापुराण जीवन को धर्ममय और ईश्वरमय बनाने का दिव्य मार्गदर्शक ग्रंथ है।
भूमि पूजन समारोह में सचिन सारस्वत, धर्मेंद्र बॉबी, योगेंद्र सिंघल, मयंक मित्तल, सूरज तिवारी, संजय सिंह, अरविंद गुप्ता, अमरनाथ शर्मा, हेमंत दुबे, सुरेंद्र शर्मा, विक्रम हनी, विजय एवं विनीत सिंघल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।


