हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। कॉमरेड रमेश मिश्रा के षष्ठम स्मृति दिवस पर बुधवार को पचकुइयां स्थित माथुर वैश्य सभागार में "वैचारिक मंथन-6" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉमरेड रमेश मिश्रा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) आगरा के कलाकारों ने दिलीप रघुवंशी के नेतृत्व में जनगीत प्रस्तुत किए।
"दुनिया की बदलती तस्वीर और भारतीय अर्थव्यवस्था के हालात" विषय पर आयोजित वैचारिक सभा को संबोधित करते हुए प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. जया मेहता ने कहा कि विश्व अर्थव्यवस्था के परिप्रेक्ष्य में देखा जाए तो समाजवाद के बिना किसी भी देश की समग्र प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने वैश्विक आर्थिक परिवर्तनों और भारतीय अर्थव्यवस्था की चुनौतियों पर विस्तार से विचार रखे।
सभा को भारतीय महिला फेडरेशन की राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड निशा सिद्धू, राष्ट्रीय सचिव कॉमरेड अरुणा सिन्हा तथा प्रगतिशील लेखक संघ के राष्ट्रीय सचिव कॉमरेड विनीत तिवारी ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों और असमानताओं को दूर करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है तथा दुनिया को बेहतर बनाने में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान सभा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य कॉमरेड ओम प्रकाश ने की। कॉमरेड रमेश मिश्रा के सुपुत्र कॉमरेड नीरज मिश्रा ने अपने पिता से जुड़े संस्मरण साझा किए। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला मंत्री कॉमरेड पूरन सिंह, एस.के. खोसला सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में परमानंद शर्मा के संगीत निर्देशन में इप्टा आगरा के कलाकारों ने नाट्य पितामह राजेंद्र रघुवंशी रचित गीत "लेनिन तुम्हें सलाम", यदुराही का "जब तक रोटी के प्रश्नों पर रखा रहेगा भारी पत्थर" तथा असलम खान द्वारा "महंगाई डायन खाए जात है" की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को प्रभावित किया। गायन में आशुतोष गौतम, जय कुमार और बालेन्दू भदौरिया ने सहयोग किया, जबकि ढोलक पर संजय ने संगत दी।
कार्यक्रम का संचालन दिलीप रघुवंशी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन भाकपा के उप सचिव मोहन सिंह ने दिया।
इस अवसर पर हरिविलास दीक्षित, सरला जैन, कुमकुम रघुवंशी, प्रियंका मिश्रा, प्रो. ज्योत्स्ना रघुवंशी, एम.पी. दीक्षित, अरविंद समीर ,धर्मजीत, मनोज झा, भीकम सिंह कुशवाह, कोमल सिंह, निरोती लाल, करुणेश राजपूत, रामनाथ शर्मा, भारत सिंह एवं संग्राम सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



