डॉ. हेडगेवार महानाट्य में जीवंत हुआ संघ स्थापना का इतिहास
50 से अधिक कलाकारों ने किया प्रभावशाली मंचन,दर्शक हुए भावविभोर
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में डॉ.हेडगेवार महा नाट्य आयोजन समिति एवं भारत विकास परिषद संकल्प, आगरा ब्रज प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में भव्य महानाट्य "युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार : संघ सृजन का भाव नाट्य आविष्कार" का मंचन किया गया। लगभग 50 कलाकारों की टीम ने संघ संस्थापक परम पूज्य डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन, राष्ट्रचिंतन, संघर्ष, त्याग और संगठन निर्माण की प्रेरक गाथा को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। मुख्य वक्ता संघ के ब्रज प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र जी ने कहा कि डॉ. हेडगेवार ने केवल संगठन की स्थापना नहीं की, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का व्यापक आंदोलन खड़ा किया। उन्होंने व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की संघ की अवधारणा पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के उद्घाटक कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, कुलपति प्रो. आशु रानी, अखिल भारतीय गौ सेवा प्रमुख अजीत महापात्र एवं वरिष्ठ समाजसेवी किशोर खन्ना ने डॉ. हेडगेवार के जीवन को राष्ट्रभक्ति, संगठन क्षमता और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण बताया।
अध्यक्षता करते हुए पादुका एवं चर्म उद्योग विकास परिषद के अध्यक्ष पूरन डावर ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को राष्ट्रनायकों के जीवन से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
महानाट्य में डॉ.हेडगेवार के बाल्यकाल, स्वतंत्रता आंदोलन में सहभागिता, चिकित्सा शिक्षा, राष्ट्रसेवा के संकल्प तथा वर्ष 1925 में नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के ऐतिहासिक प्रसंगों का प्रभावी मंचन किया गया। महाराष्ट्र के रंगकर्मी सतीश खेकाले ने डॉ. हेडगेवार की भूमिका में सशक्त अभिनय कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दो घंटे से अधिक समय तक चले इस आयोजन में भव्य मंच सज्जा, प्रकाश व्यवस्था, संगीत और कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। अंतिम दृश्य में राष्ट्र जागरण एवं संगठन निर्माण का संदेश उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित कर गया।
स्वागताध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए.के.सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम समन्वयक एवं भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय सहसंयोजक डॉ. तरुण शर्मा ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया। संचालन रीनेश मित्तल ने किया।
उपस्थित प्रमुख जनों में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. जी.एस. धर्मेश, डॉ. धर्मपाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, डॉ. रंजना बंसल, डॉ. सुशील गुप्ता, संतोष शर्मा, सुरेश चंद्र गर्ग, वीरेंद्र सिंघल, मुकेश गुप्ता, सिद्धार्थ बंसल, मोहित गोयल, विनय सिंघल, प्रमोद अग्रवाल, मनोज बंसल, शिवांग खंडेलवाल, डॉ. कैलाश चंद सारस्वत, टीटू गोयल, आशीष अग्रवाल, प्रशांत शर्मा, रोहित पुरी, मनोज गोला, विष्णु गर्ग, हर्ष बक्शी, तुषार जैन, संजय कपूर, विजय जैन, वर्षा जैन, रूबी मोदी, अंजना शर्मा, राजीव अग्रवाल, डॉ. विकास जैन, वैभव गुप्ता, लखन सिंह एवं नवल किशोर अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





