हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। आगरा छावनी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर बुधवार को राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने छावनी क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं से उन्हें अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
मुलाकात के दौरान विधायक डॉ. जी.एस.धर्मेश एवं पूर्व विधायक केशो मेहरा ने रक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2023 में सदर बाजार स्थित जीएलआर नंबर 514 की ‘सी’ श्रेणी भूमि पर निर्मित 121 दुकानों की ई-नीलामी का आदेश जारी हुआ था, लेकिन रक्षा मंत्री के हस्तक्षेप से इस कार्रवाई पर रोक लगाई गई, जिससे दुकानदारों को बड़ी राहत मिली।
प्रतिनिधि मंडल ने मांग की कि उक्त 121 दुकानों को स्थायी रूप से फ्रीहोल्ड किए जाने का आदेश जारी किया जाए, जिससे लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता समाप्त हो सके। शॉपिंग आर्केड ट्रेडर्स एसोसिएशन ने भी इस संबंध में स्थायी समाधान की अपेक्षा जताई है।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने छावनी परिषद में वर्षों से लंबित जीएलआर म्यूटेशन मामलों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इनके शीघ्र निस्तारण के लिए स्पष्ट नियम बनाए जाएं तथा प्राप्त होने वाले म्यूटेशन प्रार्थना पत्रों का निस्तारण दो माह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
छावनी परिषद के मनोनीत सदस्य राजेश गोयल एवं सजल बंसल ने क्षेत्र के जर्जर एवं खतरनाक भवनों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ऐसे भवनों को चिन्हित कर स्वामियों को स्वयं ध्वस्तीकरण के निर्देश दिए जाएं। निर्धारित समय में कार्रवाई न होने पर छावनी परिषद द्वारा ध्वस्तीकरण कराया जाए, ताकि किसी दुर्घटना की आशंका न रहे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि आगरा छावनी क्षेत्र से संबंधित इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र कराई जाएगी।
रिपोर्ट : असलम सलीमी

