प्रो. उमापति दीक्षित 'भारत-भास्कर सम्मान–2026' से सम्मानित



श्री शीतल-प्रभा स्मृति सम्मान समारोह में मिला सम्मान, ₹11 हजार की सम्मान-राशि भी प्रदान की गई

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

लखनऊ। गोमतीनगर स्थित बौद्ध शोध संस्थान में आयोजित 'श्री शीतल-प्रभा स्मृति सम्मान समारोह एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन' में केंद्रीय हिंदी संस्थान, आगरा के अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध विद्वान, भाषाविद् एवं चिंतक प्रो. उमापति दीक्षित को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित 'भारत-भास्कर सम्मान' से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें ₹11,000 की सम्मान-राशि भी भेंट की गई।

समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने अपने संदेश में कहा कि साहित्य और संस्कृति किसी भी राष्ट्र की आत्मा हैं तथा ऐसे आयोजन भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और नई पीढ़ी में संस्कारों के संवर्धन का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

कार्यक्रम का आयोजन संस्था की अध्यक्ष डॉ. शोभा त्रिपाठी एवं सचिव डॉ. सरला शर्मा 'आसमां' ने अपने पूज्य माता-पिता की स्मृति में किया। समारोह में पद्मश्री डॉ. अनिल रस्तोगी, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह, डॉ. हरिओम (आईएएस), रामकृष्ण स्वर्णकार (आईपीएस), अखिलेश निगम (आईपीएस), उग्रसेन धर द्विवेदी (आईएफएस), प्रो. हरिशंकर मिश्र, अमित मिश्रा, डॉ. राजीव शुक्ला एवं सीमा गुप्ता सहित अनेक साहित्यकार, शिक्षाविद्, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि प्रो. उमापति दीक्षित का सम्मान हिंदी भाषा, साहित्य और भारतीय सांस्कृतिक चेतना के क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक योगदान का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है। समारोह में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भी आयोजन हुआ, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।