हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी द्वारा संचालित ताजगंज स्थित विद्युत मोक्षधाम (शवदाहगृह) में अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों की सुविधा हेतु प्रतीक्षालय को वातानुकूलित (एयर कंडीशंड) बनाया गया है। इसका उद्घाटन रविवार को मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर ने फीता काटकर किया।
महापौर ने विद्युत शवदाहगृह की खराब पड़ी दो भट्टियों को नगर निगम की ओर से शीघ्र ठीक कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्युत शवदाहगृह के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से इसके अधिकाधिक उपयोग पर भी बल दिया। साथ ही वृक्षारोपण को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
प्रतीक्षालय को वातानुकूलित बनाने में समाजसेवी श्याम बाबू बंसल, डॉ. सुशील गुप्ता 'विभव' तथा रामलीला कमेटी के नरेश जैन का विशेष सहयोग रहा।
समारोह में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने धार्मिक कथाओं के दौरान व्यासपीठ से विद्युत शवदाहगृह के उपयोग का संदेश प्रसारित करने का सुझाव दिया। पूर्व अध्यक्ष सुनील विकल ने विद्युत शवदाहगृह की स्थापना से लेकर इसकी स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए कमेटी द्वारा किए गए प्रयासों की जानकारी दी। मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने बताया कि वर्तमान में शहर में लगभग 50 प्रतिशत अंतिम संस्कार विद्युत शवदाहगृह में किए जा रहे हैं, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक कदम है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल ने की तथा सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। संचालन विद्युत शवदाहगृह प्रभारी संजीव गुप्ता ने किया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुरेश गोयल, ओम टंडन, महासचिव राजीव अग्रवाल, समाजसेवी जगदीश बागला, आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टी.एन. अग्रवाल सहित बजाजा कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : असलम सलीमी


