फतेहाबाद रोड स्थित राजदेवम में श्रीश्याम परिवार सेवा ट्रस्ट द्वारा 23-29 जुलाई तक आयोजित की जा रही श्रीमद्भागवत कथा की कलश यात्रा होगी 22 जुलाई को
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। श्रीहरि के दशावतारों की संगीतमय कथाओं का सात दिन का उत्सव श्रीमद्भागवत कथा। जहां भक्त भक्ति में डूबकर श्रीमद्भागवत कथा की अमृतमयी गंगा में डुबकी लगाएंगे। 23 से 29 जुलाई तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन श्रीश्याम परिवार सेवा ट्रस्ट द्वारा फतेहाबाद रोड स्थित राजदेवम में किया जा रहा है। जिसमें पूज्य श्रीजया किशोरी अपनी ओजस्वी वाणी से भक्तों को संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का पान करवाएंगी। 22 जुलाई को भव्य कलश यात्रा का आयोजन होगा।
यह जानकारी संजय प्लेस स्थित होटल पीएल पैलेस में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में मुख्य यजमान राजकुमार गुप्ता,आयोजन समिति के विकास मांगलिक, अनिल कुमार गुप्ता, विनीत मांगलिक, ऋषिक मांगलिक, अर्पित गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 जुलाई को विजय नगर स्थित श्रीराधाकृष्ण मंदिर से 1000 श्रद्धालु महिलाएं सिर पर कलश धारण कर बैंड-बाजों और भक्ति गीतों के साथ शामिल होंगी। धार्मिक आस्था और उत्साह से भरपूर यह यात्रा क्षेत्र में भक्ति का वातावरण निर्मित करेगी। जगह-जगह कलश यात्रा का स्वागत किया जाएगा। कलश यात्रा जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम जी के मंदिर पर विश्राम लेगी। कलश यात्रा में श्रीगणे व अन्य झांकियों के साथ श्याम बाबा का डोला भी होगा, जिसे श्रंगारित करने के लिए अलवर से विशेष रूप से सीताराम जी बाबा आ रहे हैं।
23 जुलाई से 29 जुलाई तक राजदेवम परिसर में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होगी, जिसमें प्रसिद्ध कथा वाचिका जया किशोरी अपने मुखारबिन्द से श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगी। उनकी कथा शैली और भक्ति भाव से श्रोता आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करेंगे। आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। इस अवसर पर मुख्य रूप से आलोक अग्रवाल, संजय गुप्ता, मीतेश मित्तल, मोंटू भार्गव, संतोष शर्मा आदि उपस्थित थे।

