हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। विद्या भारती से सम्बद्ध शिशु शिक्षा समिति, ब्रज प्रदेश के नियोजित कार्यक्रम के अंतर्गत श्रावण मास की पावन बेला में सरस्वती शिशु मंदिर, उत्तर विजयनगर, आगरा की शिशु वाटिका द्वारा भव्य एवं संस्कारमय कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में विद्यालय के करीब 200 भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
यात्रा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव परिवार के पूजन-अर्चन से हुआ। विद्यालय के अध्यक्ष श्री मनीष अग्रवाल एवं व्यवस्थापक श्री किशोरी श्याम गोयल ने पूजन किया। इसके बाद भगवा वेशभूषा में सजे भैया-बहन हाथों में कावड़ लेकर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष करते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से निकले।
कावड़ यात्रा के दौरान नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे मार्ग में शिवभक्ति का वातावरण बना रहा। अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर कावड़ यात्रियों का स्वागत किया।
विद्यालय परिवार ने बताया कि कावड़ यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया गया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में श्रद्धा, सेवा, संयम, अनुशासन, सामाजिक समरसता और सामूहिक एकता की भावना विकसित करना है।
यात्रा को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री मनीष अग्रवाल, प्रबंधक श्री किशोरी श्याम गोयल, प्रधानाचार्य श्री अरविंद तिवारी, सभी आचार्य-आचार्याओं एवं अभिभावकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विद्यालय की प्रबंध समिति ने कहा कि बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव और संस्कारों की भावना को मजबूत करते हैं। विद्यालय ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अभिभावकों,श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। सूत्र - नेहा अग्रवाल'मीडिया प्रभारी,




