गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन हिमाचली गौरव प्रतीक से अलंकृत





हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

बिलासपुर। भाषा,कला एवं संस्कृति विभाग, हिमाचल प्रदेश के संरक्षण में आयोजित कार्यक्रम में गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाज चिंतक डॉ. जितेन्द्र बच्चन को ‘सेवा परमो धर्मः’ के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान ‘हिमाचली टोपी’ से अलंकृत किया गया। यह सम्मान बिलासपुर स्थित भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के सभागार में बिलासपुर के उपायुक्त एवं आईएएस अधिकारी श्री राहुल कुमार ने कर्नल जसवंत सिंह चंदेल तथा जिला भाषा अधिकारी श्रीमती नीलम चंदेल की उपस्थिति में प्रदान किया।

उपायुक्त श्री राहुल कुमार समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के 9वें ‘राष्ट्र गौरव सम्मान समारोह’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ‘सेवा परमो धर्मः’ भारतीय संस्कृति का मूल मंत्र है, जो प्रत्येक व्यक्ति को निस्वार्थ भाव से समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित करता है। डॉ. जितेन्द्र बच्चन पत्रकारिता एवं समाजसेवा के माध्यम से इस भावना को बखूबी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश उन्हें अपनी सांस्कृतिक पहचान, मान-सम्मान और गौरव के प्रतीक से अलंकृत कर स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने हिमाचल प्रदेश सरकार, बिलासपुर के उपायुक्त श्री राहुल कुमार, कर्नल जसवंत सिंह चंदेल तथा जिला भाषा, कला एवं संस्कृति अधिकारी श्रीमती नीलम चंदेल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित ‘राष्ट्र गौरव’ सम्मान समारोह को सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की महान परंपरा को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।

डॉ. बच्चन ने कहा, “हिमाचली टोपी केवल मान-सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि जनकल्याण, प्रेरणा और समर्पण की जीवंत भावना का प्रतीक है। जय हिन्द, जय भारत।”

उन्होंने कहा कि समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसकेएफआई) का ‘विकसित समाज, सशक्त भारत’ अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। यह अभियान राष्ट्रहित में कार्य करने की चेतना को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। इसी संकल्प के साथ एसकेएफआई सेवा, संस्कार और समर्पण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपायुक्त श्री राहुल कुमार ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए 32 विभूतियों को ‘राष्ट्र गौरव’ पुरस्कार तथा 9 प्रतिभाओं को राष्ट्रीय प्रतिभा अवार्ड से सम्मानित किया।

इस अवसर पर डॉ. अभिजीत कुमार, डॉ. राम स्वरूप भटनागर, डॉ. विद्या भूषण श्रीवास्तव, ललिता कश्यप, सुभाष गुप्ता, नीरज शर्मा, रविन्द्र कुमार शर्मा, विकास कुमार, मंजू कश्यप और हेमेन्द्र कुमार सहित शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा, कला-संस्कृति, सेना, पुलिस एवं पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।