अदब-ओ-एहतराम के साथ निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी,गूंजा नबी की पैदाइश का पैगाम



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। जश्ने ईद मिलादुन्नबी ﷺ के मुबारक मौके पर 12 रबीउल अव्वल को टीला पाय चौकी से जुलूस-ए-मोहम्मदी बड़े ही अदब और एहतराम के साथ निकाला गया। जुलूस अबुल उलाई शेख कमेटी के सरपरस्त हाजी सूफी बुंदन मियां, भारतीय मुस्लिम विकास परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष समी आगाई तथा उत्तर प्रदेश सर्वदलीय मुस्लिम एक्शन कमेटी के जिलाध्यक्ष सैयद इरफान अहमद सलीम के नेतृत्व में निकाला गया।

जुलूस पाय चौकी, तिलक बाजार, सेब का बाजार और फव्वारा होते हुए हॉस्पिटल रोड पहुंचा और इसके बाद जामा मस्जिद की ओर रवाना हुआ। जुलूस में सैकड़ों की संख्या में आशिक-ए-रसूल हाथों में झंडे लेकर शामिल हुए और हजरत मोहम्मद साहब ﷺ की पैदाइश की खुशी मनाई। रास्ते भर विभिन्न स्थानों पर जुलूस का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। सेब बाजार तिराहे पर राम टंडन और नवीन चंद्र शर्मा ने भी बारावफात के जुलूस का स्वागत किया।

इस अवसर पर हाजी सूफी बुंदन मियां ने कहा कि 12 रबीउल अव्वल का दिन पूरी दुनिया के मुसलमानों के लिए खुशी और मुबारक दिन है। अल्लाह तबारक व तआला ने अपने प्यारे महबूब हजरत मोहम्मद साहब ﷺ को दुनिया में भेजा। उन्होंने दुनिया को प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम दिया। हमें उनके बताए रास्ते और उनकी सीरत पर चलकर जीवन को बेहतर बनाना चाहिए।

जुलूस-ए-मोहम्मदी जामा मस्जिद पहुंचने पर हाजी बिलाल कुरैशी एवं मरकजी सीरत कमेटी के अध्यक्ष हाजी असलम कुरैशी के नेतृत्व में निकाले जा रहे जुलूस में शामिल हो गया। इसके बाद संयुक्त जुलूस घटिया मामू-भांजा, मंटोला, सदर भट्टी, मीरा हुसैनी चौराहा और नाई की मंडी होता हुआ जामा मस्जिद पहुंचकर समाप्त हुआ।

जुलूस में आकर्षक झांकियां भी सजाई गई थीं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। पूरे मार्ग में धार्मिक नारों और नात-ए-पाक की आवाजों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

जुलूस में मोहम्मद शाहिद, मोहम्मद जाहिद, मोहम्मद मुबीन राजा, मोहम्मद मोहसिन, शाहबाज खान, कुंवर अख्तर कप्तान, मोहम्मद जमील, चौधरी अजीमुद्दीन, अन्ना भाई, प्रिंस भाई, गुड्डू भाई, हाजी चौधरी सरफराज खान सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट : असलम सलीमी