हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा, 5 अगस्त। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी (AOS) की माहव्यापी जनस्वास्थ्य पहल “Agra Moves Better–2026” के तहत एफ.एच. मेडिकल कॉलेज और जपनाम अस्पताल में बोन मिनरल डेंसिटी (BMD) जांच शिविर एवं स्वास्थ्य-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शिविरों में लोगों की अस्थि घनत्व जांच कर उन्हें ऑस्टियोपोरोसिस, हड्डियों की कमजोरी और बढ़ती उम्र में फ्रैक्चर के जोखिम के प्रति जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को हड्डियों एवं मांसपेशियों को मजबूत रखने के लिए जरूरी बताया।
एफ.एच. मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों, विशेषकर सर्जनों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को ऑपरेशन के दौरान सही पोस्चर, ऑपरेशन टेबल की उचित ऊंचाई, गर्दन-कमर पर दबाव कम करने और कार्यस्थल पर एर्गोनॉमिक सावधानियों की जानकारी दी गई। नियमित स्ट्रेचिंग को भी आवश्यक बताया गया।
वरिष्ठ नागरिकों को घर और बाहर गिरने से बचाव, संतुलन एवं मांसपेशियों को मजबूत करने वाले व्यायाम तथा सुरक्षित घरेलू वातावरण के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने कहा कि स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए मजबूत हड्डियों के साथ मजबूत मांसपेशियां, बेहतर संतुलन और सक्रिय जीवनशैली भी जरूरी है।
कार्यक्रम में डॉ. अश्वनी सडाना, डॉ. इमरान साजिद और डॉ. गुरदीप सिंह का विशेष योगदान रहा। एफ.एच. मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने भी सक्रिय भागीदारी की।
AOS ने नागरिकों से हड्डियों की कमजोरी के संकेतों को नजरअंदाज न करने और नियमित रूप से सक्रिय रहने की अपील की। अभियान का संदेश है— “बेहतर हड्डियां • बेहतर गतिशीलता • बेहतर जीवन।”



