श्मशान घाटों की बदहाली पर सबजन सेवा समिति का ज्ञापन,जगनेर ब्लॉक की 32 ग्राम पंचायतों में सुविधाएं बढ़ाने की मांग

 


हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो

आगरा/जगनेर,5 अगस्त : जगनेर विकास खंड की ग्राम पंचायतों में श्मशान घाटों की बदहाल स्थिति और मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर बुधवार को सबजन सेवा समिति (रजि.) ने खंड विकास अधिकारी (वीडीओ) को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि विकास खंड जगनेर की 32 ग्राम पंचायतों में कई गांव ऐसे हैं, जहां आज तक श्मशान घाट नहीं बने हैं। वहीं जिन ग्राम पंचायतों में श्मशान घाट हैं, वहां टिन शेड, स्वच्छ पेयजल, पक्के रास्ते और नियमित साफ-सफाई जैसी आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। इससे अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में मांग की गई कि जिन ग्राम पंचायतों में श्मशान घाट नहीं हैं, वहां नए श्मशान घाट बनाए जाएं। पुराने श्मशान घाटों का सौंदर्यीकरण और मरम्मत कराई जाए तथा प्रत्येक स्थल पर टिन शेड, पेयजल, पक्का मार्ग और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही ग्राम पंचायतवार समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर निर्माण एवं विकास कार्य शुरू किए जाएं।

खंड विकास अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि समिति द्वारा उठाए गए मुद्दे जनहित से जुड़े हैं। ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है तथा शासन को समस्या से अवगत कराते हुए योजनाओं के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई कराने का प्रयास किया जाएगा।

समिति अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य किसी राजनीतिक लाभ से नहीं, बल्कि ग्रामीणों को सम्मानजनक अंतिम संस्कार की सुविधाएं उपलब्ध कराना है। वहीं उपाध्यक्ष केशव दीक्षित ने कहा कि यदि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो समिति ग्रामीणों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आगे की रणनीति तय करेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान राकेश शर्मा, केशव दीक्षित, सोनू शर्मा, गौरव पचौरी, चिंटू मंगल, मनोज पौडवाल, विवेक शर्मा, मोनी परमार, सौरभ उपाध्याय, प्रशांत बघेल, भानू, आशीष सिंघल, पुष्पेन्द्र सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।