'स्वस्थ प्रहरी-सशक्त पुलिस' कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को मिला सीपीआर व एर्गोनॉमिक्स का प्रशिक्षण



राष्ट्रीय अस्थि एवं जोड़ दिवस पर आगरा पुलिस और आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी की संयुक्त पहल

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। राष्ट्रीय अस्थि एवं जोड़ दिवस के अवसर पर आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी (एओएस) एवं आगरा पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को पुलिस लाइन्स स्थित प्रशांत मेमोरियल हॉल में 'आगरा मूव्स बेटर–2026' अभियान के अंतर्गत 'स्वस्थ प्रहरी-सशक्त पुलिस' कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन), सही कार्य-मुद्रा (एर्गोनॉमिक्स), हड्डियों एवं जोड़ों की सुरक्षा तथा ड्यूटी के दौरान होने वाली मांसपेशीय समस्याओं से बचाव के उपाय बताए गए।

कार्यक्रम में डॉ. रजनीश मिश्रा ने सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण देते हुए बताया कि हृदय गति रुकने की स्थिति में समय पर और सही तरीके से दिया गया सीपीआर किसी व्यक्ति का जीवन बचा सकता है।

आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने पुलिस वर्कप्लेस एर्गोनॉमिक्स विषय पर प्रस्तुति देते हुए लंबे समय तक खड़े रहने, पैदल गश्त, वाहन संचालन, कंप्यूटर पर कार्य, शस्त्र संचालन एवं भार उठाने के दौरान सही कार्य-मुद्रा अपनाने की जानकारी दी। उन्होंने गर्दन, कमर, कंधे और घुटनों के दर्द से बचाव के लिए नियमित स्ट्रेचिंग, छोटे-छोटे विराम और सही तकनीक अपनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल, डीसीपी अली अब्बास, डीसीपी अलका सारस्वत एवं एसीपी राम प्रवेश गुप्ता ने पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, फिटनेस और कार्यक्षमता के महत्व पर विचार व्यक्त किए तथा प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर दिए।

आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी की ओर से चेयरमैन डॉ. डी. वी. शर्मा, अध्यक्ष डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ, डॉ. अशोक विज, डॉ. अनुपम गुप्ता, डॉ. संजीव वोहरा, सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी एवं डॉ. रजनीश मिश्रा ने सहभागिता की। विशेषज्ञों ने स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम और दर्द की समय रहते पहचान के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में यातायात पुलिस, पुलिस लाइन्स के अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न इकाइयों के पुलिस अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समापन पर अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य, नियमित व्यायाम, सही कार्य-मुद्रा और सुरक्षित कार्य-पद्धतियों को अपनाने की शपथ दिलाई।

आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी ने कहा कि 'आगरा मूव्स बेटर–2026' अभियान के माध्यम से शहर के विभिन्न वर्गों को हड्डियों, जोड़ों और मांसपेशियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि स्वस्थ समाज और बेहतर आगरा का निर्माण हो सके।