आकाशवाणी से घर-घर और स्कूल में बच्चों तक पहुंचा ‘Agra Moves Better–2026’ का संदेश

 


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी (AOS) की ओर से अगस्त माह में चलाए जा रहे जनस्वास्थ्य अभियान ‘Agra Moves Better–2026’ के तहत शुक्रवार को आकाशवाणी आगरा पर विशेष रेडियो वार्ता और G.L. Public School, Agra में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से हड्डियों, जोड़ों, मांसपेशियों, सही पोस्चर और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों और विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

आकाशवाणी आगरा पर आयोजित विशेष वार्ता में आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने अभियान के उद्देश्य और इसके तहत आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हड्डी और जोड़ स्वास्थ्य केवल बीमारी या चोट के उपचार तक सीमित नहीं है। बचपन से सही पोस्चर, नियमित शारीरिक गतिविधि, मजबूत मांसपेशियां, संतुलित आहार, स्वस्थ वजन और कार्यस्थल पर सही एर्गोनॉमिक्स अपनाकर अनेक स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है।

डॉ. संजय चतुर्वेदी ने बच्चों और युवाओं में बढ़ते स्क्रीन टाइम, गलत तरीके से बैठने, शारीरिक गतिविधियों में कमी, वयस्कों में कमर व गर्दन के दर्द तथा वरिष्ठ नागरिकों में ऑस्टियोपोरोसिस और गिरने से होने वाले फ्रैक्चर जैसे विषयों पर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ‘Agra Moves Better’ का उद्देश्य केवल रोग का उपचार नहीं, बल्कि पूरे शहर में मस्क्युलोस्केलेटल हेल्थ को लेकर बचाव और जागरूकता की संस्कृति विकसित करना है।

इसी क्रम में G.L. Public School में विद्यार्थियों के लिए विशेष Musculoskeletal Health एवं Posture Awareness कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। चित्रों और प्रेजेंटेशन के माध्यम से बच्चों को सही तरीके से बैठने-पढ़ने, लंबे समय तक एक ही मुद्रा में न रहने, नियमित खेल एवं व्यायाम करने, मोबाइल और स्क्रीन के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने, स्कूल बैग सही ढंग से उठाने तथा संतुलित पोषण के महत्व की जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को “Sit Better – Move Better – Grow Better” का संदेश देते हुए उनकी दैनिक आदतों और पोस्चर में आवश्यक सुधार के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि “बच्चा जितना सही बैठेगा, उतना बेहतर चलेगा और जितना अधिक सक्रिय रहेगा, उतना स्वस्थ बढ़ेगा।” विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी की इस पहल की सराहना की।

आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के अनुसार ‘Agra Moves Better–2026’ पूरे अगस्त माह चलने वाला व्यापक जनस्वास्थ्य अभियान है। इसके तहत स्कूलों, पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, उद्योगों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों को विभिन्न जागरूकता गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। अभियान का संदेश “Better Bones • Better Joints • Better Movement • Better Life” रखा गया है।

AOS का उद्देश्य आगरा में “इलाज से पहले बचाव, दर्द से पहले सही आदत और बीमारी से पहले जागरूकता” की संस्कृति विकसित करना है। सोसाइटी ने विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, आरडब्ल्यूए, उद्योगों और अन्य संगठनों से अभियान से जुड़कर इसे जनभागीदारी का आंदोलन बनाने का आह्वान किया है।