हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। भगवान श्रीकृष्ण जन्मभूमि, मथुरा को लेकर प्रस्तावित करणी सेना (रा.) के कार सेवा कार्यक्रम को पुलिस-प्रशासन ने रोक दिया। कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहे करणी सेना के पदाधिकारियों को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर दिया।
करणी सेना (रा.) के आगरा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र परमार ने प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर संगठन का संकल्प अडिग है। उन्होंने कहा कि करणी सेना का संघर्ष शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।
धर्मेंद्र परमार ने कहा कि सरकार बनने से पहले श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर जो वादे और आश्वासन दिए गए थे, उन्हें अब सरकार को पूरा करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि करणी सेना को अपने धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम के लिए अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जब तक इस मामले में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता और करणी सेना को कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलती, तब तक संगठन अपना संघर्ष जारी रखेगा।

