हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा,5 अगस्त। कॉर्पोरेट काउंसिल फॉर लीडरशिप एंड अवेयरनेस (CCLA) एवं एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया (ASSOCHAM) द्वारा भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के सहयोग से 7 एवं 8 अगस्त को जेपी पैलेस होटल एंड कन्वेंशन सेंटर में AI FutureReady Conclave 2026 का आयोजन किया जाएगा। इसकी आधिकारिक घोषणा बुधवार को होटल लेमन ट्री में आयोजित प्रेस वार्ता में की गई।
CCLA एवं DCFLI के चेयरमैन तथा भारत सरकार की ट्रेड काउंसिल के सदस्य पूरन डावर ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी तकनीकी शक्ति है। जो लोग AI को सीखेंगे और अपने कार्यों में अपनाएंगे, वही भविष्य की प्रतिस्पर्धा में आगे रहेंगे।
एम.पी.एस. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरपर्सन एवं AI एडवाइजरी काउंसिल के चेयरमैन स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने कहा कि यह आयोजन आगरा को राष्ट्रीय स्तर के AI विशेषज्ञों और भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे सीखने का अवसर देगा। CCLA के प्रदेश अध्यक्ष राजेश गर्ग ने कहा कि AI अब हर क्षेत्र की आवश्यकता बन चुका है और कॉन्क्लेव में युवाओं, स्टार्टअप्स तथा उद्योगों को अपने नवाचार प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि AI मानव की निर्णय क्षमता को सशक्त बनाने वाली तकनीक है, जबकि डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और अनुसंधान सहित हर क्षेत्र में AI की भूमिका तेजी से बढ़ रही है तथा ChatGPT इसकी केवल शुरुआत है।
एसबीआई के एजीएम संजय संदीप गुप्ता एवं वरुण कपूर ने AI को व्यापार, डिजिटल मार्केटिंग और ग्राहक सेवाओं के लिए परिवर्तनकारी बताया। गोपाल गुप्ता ने कहा कि AI सीमित तकनीकी जानकारी रखने वाले लोगों को भी बेहतर कार्य करने में सक्षम बना रहा है। डॉ. रेनुका डंग ने AI को विचारों को वास्तविक स्वरूप देने का प्रभावी माध्यम बताया, जबकि डॉ. अशोक शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में AI जीवन और कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा होगा। लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव दीपक अग्रवाल ने कहा कि AI उद्योगों की लागत घटाने और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। FAFM के अध्यक्ष कुलदीप सिंह कोहली, शू फैक्टर्स फेडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा तथा CIFI के अध्यक्ष ओपिंदर लवली ने भी कॉन्क्लेव और AI प्रदर्शनी की उपयोगिता पर अपने विचार रखे।
आयोजकों ने बताया कि वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद मुख्य अतिथि होंगे। IndiaAI Mission के निदेशक मोहम्मद वाई. सफीरुल्ला (IAS) भारत सरकार का AI रोडमैप प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा ONGC के निदेशक (स्ट्रेटजी एंड कॉर्पोरेट अफेयर्स) सत्यन कुमार, अंकित धीर, रामाकृष्णन "रामा",गगन दीप,सौरभ मनचंदा तथा पीयूष श्रीवास्तव सहित देश के अनेक AI विशेषज्ञ तकनीकी सत्रों को संबोधित करेंगे।
कॉन्क्लेव में 26 से अधिक AI आधारित स्टॉल, AI Exhibition एवं लाइव टेक्नोलॉजी डेमो, स्टूडेंट इनोवेशन शोकेस, स्टार्टअप एवं इंडस्ट्री इनोवेशन पवेलियन, MSME, मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थकेयर, एजुकेशन, एग्रीकल्चर एवं डिजिटल कॉमर्स पर विशेष पैनल चर्चा, Keynote Sessions, Expert Talks तथा AI आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रमुख आकर्षण होंगे।
प्रेस वार्ता में नेशनल चेंबर के उपाध्यक्ष अंबा प्रसाद गर्ग, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव दीपक अग्रवाल, ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित मोरियानी, सीएस अनुज अशोक अग्रवाल, आगरा रेडीमेड गारमेंट्स ट्रेडर्स एंड मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आर.के. नैय्यर, आगरा आईटी एसोसिएशन के सचिव अचयेंद्र शर्मा, कुलदीप ठाकुर, शकुन बंसल, डॉ. तरुण शर्मा, डॉ. रजनीश त्यागी, अजय शर्मा, ब्रजेश शर्मा एवं अविनाश वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




