सेंट मैरी चर्च में नौ दिवसीय पवित्र नोवेना एवं रोजरी प्रार्थना सभा का शुभारंभ



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। सेंट मैरी चर्च, प्रतापपुरा में प्रभु यीशु मसीह की माता मदर मरियम के सम्मान में नौ दिवसीय पवित्र नोवेना एवं रोजरी प्रार्थना सभा का श्रद्धा और भक्ति के साथ शुभारंभ हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रोजरी प्रार्थना में भाग लेकर माता मरियम के प्रति अपनी श्रद्धा एवं प्रेम प्रकट किया। इस दौरान चर्च परिसर प्रार्थना और आध्यात्मिक शांति के वातावरण से सराबोर रहा।

आगरा के पूर्व महाधर्माध्यक्ष डॉ. अल्बर्ट डिसूजा ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए माता मरियम के जीवन, उनके अटूट विश्वास, समर्पण और प्रभु यीशु के प्रति पूर्ण निष्ठा का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि माता मरियम विश्वास रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेम, करुणा और आशा की प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन विनम्रता, सेवा, त्याग और ईश्वर पर पूर्ण विश्वास की सीख देता है।

नोवेना के दौरान श्रद्धालुओं ने अपने व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक जीवन से जुड़ी प्रार्थनाएं प्रस्तुत कीं। साथ ही परिवार, समाज, देश और विश्व में शांति, प्रेम, एकता एवं कल्याण के लिए विशेष प्रार्थना की जाएगी।

पवित्र मिस्सा के उपरांत श्रद्धालुओं ने भक्तिमय गीतों और प्रार्थना के साथ जुलूस निकाला। आयोजन में पल्ल़ी पुरोहित फादर जोसेफ डाबरे, फादर जॉन, फादर अजय एवं फादर स्वप्निल उपस्थित रहे। सिस्टर जूलियट की देखरेख में गायन मंडली ने भक्तिमय गीत प्रस्तुत किए, जिसमें सुशील टोप्पो ने सहयोग किया।

क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष डेनिस सिल्वेरा ने श्रद्धालुओं से नौ दिनों तक नियमित रूप से नोवेना एवं रोजरी प्रार्थना में सहभागी बनने तथा विश्व में शांति, भाईचारे और प्रेम के लिए प्रार्थना करने की अपील की।

रिपोर्ट : असलम सलीमी