श्री मथुराधीश जी महाराज मंदिर में भव्य काली घटा में श्री मथुरेश जी के दर्शन

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 27 अगस्त। बल्लभ संप्रदाय के प्राचीन पुष्टिमार्गीय मंदिर श्री मथुराधीश जी महाराज, यमुना किनारा, आगरा में आज सायंकाल भव्य काली घटा के दर्शन हुए। इस मनोहारी और अलौकिक झांकी को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और उन्होंने श्रद्धापूर्वक दर्शन लाभ लिया।

प्राचीन श्री मथुराधीश मंदिर में काली घटा की विशेष सजावट ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ठाकुर जी के समक्ष सजी काली घटा की झांकी ने श्रद्धालुओं को ब्रज की प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का अद्भुत अनुभव कराया।

गोस्वामी नंदन श्रोत्रिय ने बताया कि श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर की इस विशेष झांकी ने यमुना किनारे स्थित प्राचीन मंदिर की धार्मिक छटा को और भी मनोहारी बना दिया। व्यवस्था पंडित जुगल किशोर ने संभाली।