हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। समाजवादी पार्टी व्यापार सभा द्वारा 12 अगस्त को विजय नगर, रिंग रोड स्थित नवरंग भवन में व्यापारी मंडलीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में आगरा मंडल के उद्योगों एवं व्यापारियों की समस्याओं, व्यापार को बढ़ावा देने, सरकारी उत्पीड़न पर रोक लगाने तथा व्यापारी समाज को मजबूत करने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
फतेहाबाद रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर सम्मेलन के आमंत्रण पत्र के विमोचन के अवसर पर सपा व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं मंडल प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन में समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल तथा प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि आगरा के उद्योग और व्यापार को मजबूत किए बिना प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति नहीं दी जा सकती। सम्मेलन में व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक एवं सपा व्यापार सभा के प्रदेश सचिव राकेश अग्रवाल ने कहा कि छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारी वर्तमान में अनेक समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने महंगाई, सरकारी नोटिस, चालान तथा विभिन्न विभागों की कार्रवाई और वसूली को लेकर व्यापारियों की परेशानियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा व्यापारी हितों की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रदेशभर में मंडलीय सम्मेलनों का आयोजन कर रही है।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन के माध्यम से आगरा मंडल के व्यापारियों को संगठन से जोड़ने, उनकी समस्याओं को सामने लाने तथा व्यापारी हितों की लड़ाई को मजबूत करने की दिशा में आवश्यक रणनीति तैयार की जाएगी।
इस अवसर पर संजीव पोरवाल (व्यापार सभा जिलाध्यक्ष), सोमेश गुप्ता (सपा महानगर अध्यक्ष), राजेश गुप्ता (प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य), श्याम भोजवानी (वरिष्ठ नेता), हरि सिंह पंडित, विनीत यादव, विजेंद्र यादव, राम चरण पोरवाल, राजकुमार यादव, इलियास सिद्दीकी, मनीष भारद्वाज आदि उपस्थित रहे।

