" मानसिक स्वास्थ्य संस्थान " में डॉक्टरों को सिखाया सही पोस्चर, महिला मरीजों व स्टाफ की हुई BMD जांच



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 8 अगस्त। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी (AOS) के माहव्यापी जनस्वास्थ्य अभियान ‘Agra Moves Better–2026’ के तहत शनिवार को मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के लिए ‘Posture India’ और ‘Healthy Surgeons–Safe Hands’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्वास्थ्यकर्मियों को रीढ़ की सुरक्षा, सही कार्यस्थल मुद्रा (पोश्चर), एर्गोनॉमिक्स और गर्दन-कमर की समस्याओं से बचाव के उपाय बताए गए।

विशेषज्ञों ने कहा कि लंबे समय तक बैठकर या खड़े होकर काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सही पोश्चर और बीच-बीच में शारीरिक गतिविधि बेहद जरूरी है। दूसरों की देखभाल करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों का स्वयं स्वस्थ रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में भर्ती महिला मरीजों और महिला स्टाफ की बोन मिनरल डेंसिटी (BMD) जांच की गई। उन्हें ऑस्टियोपोरोसिस के जोखिम, कैल्शियम-प्रोटीन व विटामिन-डी युक्त संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा गिरने और फ्रैक्चर से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

अभियान के तहत शनिवार को कपूर ऑर्थोपेडिक सेंटर, शहीद नगर में भी BMD जांच शिविर लगाया गया। डॉ. अरुण कपूर और डॉ. अंकित कपूर ने लोगों को हड्डियों की मजबूती, ऑस्टियोपोरोसिस की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जागरूक किया।

AOS के अनुसार, ‘Agra Moves Better–2026’ केवल जांच शिविरों तक सीमित अभियान नहीं है, बल्कि हड्डियों, जोड़ों और रीढ़ को स्वस्थ रखने तथा फ्रैक्चर की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता की पहल है। अभियान के माध्यम से विभिन्न आयु वर्गों और व्यावसायिक समूहों तक स्वस्थ जीवनशैली का संदेश पहुंचाया जा रहा है।

9 अगस्त को तीन स्थानों पर होंगे कार्यक्रम :

अभियान के तहत 9 अगस्त को रामलला वृद्धाश्रम, डॉ. संजय प्रकाश, विजय नगर और चतुर्वेदी महिला मंडल,विजय क्लब में जागरूकता कार्यक्रम एवं BMD जांच आयोजित की जाएगी। वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को विशेष रूप से ऑस्टियोपोरोसिस, गिरने से बचाव, हड्डियों की मजबूती और नियमित शारीरिक गतिविधि के प्रति जागरूक किया जाएगा।

AOS का संदेश- “Better Bones • Better Life • Better Agra” - मजबूत हड्डियां, सुरक्षित रीढ़ और सक्रिय जीवन।