ईश्वर देवी अस्पताल में BMD जांच,ऑस्टियोपोरोसिस और सही पोस्चर के प्रति किया जागरूक

 


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 10 अगस्त। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी (AOS) के जनस्वास्थ्य अभियान “Agra Moves Better–2026” के तहत सोमवार को ईश्वर देवी अस्पताल में हड्डियों के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता एवं Bone Mineral Density (BMD) जांच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. राकेश मोहनियां के निर्देशन में मरीजों की बोन डेंसिटी की जांच की गई।

मरीजों को ऑस्टियोपोरोसिस,कमजोर हड्डियों के जोखिम, समय पर जांच कराने तथा हड्डियों को स्वस्थ रखने के उपायों की जानकारी दी गई। अस्पताल के कर्मचारियों को कार्यस्थल पर सही पोस्चर, बैठने-खड़े होने की उचित मुद्रा तथा कमर व गर्दन पर अनावश्यक दबाव से बचने के व्यावहारिक तरीके भी बताए गए।

AOS पदाधिकारियों ने बताया कि Agra Moves Better–2026 का उद्देश्य केवल जांच तक सीमित न रहकर विभिन्न आयु एवं कार्य समूहों तक हड्डियों, जोड़ों, मांसपेशियों, सही पोस्चर और सुरक्षित गतिशीलता के प्रति जागरूकता पहुंचाना है।

11 अगस्त को विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यक्रम :

अभियान के अगले चरण में 11 अगस्त को प्रील्यूड पब्लिक स्कूल में 16 से 18 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें छात्राओं की BMD जांच के साथ “Grow Strong” विषय पर इंटरैक्टिव वर्कशॉप होगी। इसमें मजबूत हड्डियों के लिए पोषण, व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली पर चर्चा की जाएगी।

इसी अवसर पर 16 से 18 वर्ष के विद्यार्थियों के लिए Road Safety पर भी विशेष इंटरैक्टिव सत्र होगा। इसमें ड्राइविंग लाइसेंस की निर्धारित आयु, कम उम्र में वाहन चलाने के खतरे, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल से होने वाले जोखिम तथा जिम्मेदार सड़क व्यवहार के बारे में जागरूक किया जाएगा।

इसके अलावा 11 अगस्त को FH में भी Agra Moves Better–2026 के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ, अध्यक्ष, आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी; डॉ. संजय चतुर्वेदी, सचिव, आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी तथा डॉ. डी. वी. शर्मा, चेयरमैन, Public Awareness Programme के मार्गदर्शन में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Agra Moves Better–2026 का संदेश :

Move Better • Live Better • Agra Moves Better