एक दिन में चार स्थानों पर BMD जांच,हड्डियों की सेहत के प्रति किया जागरुक


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी (AOS) के माहव्यापी जन-जागरूकता अभियान ‘Agra Moves Better–2026’ के अंतर्गत गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में Bone Mineral Density (BMD) Screening Camps आयोजित किए गए। एस.एन.मेडिकल कॉलेज, पुरुषोत्तम दास सावित्री देवी कैंसर केयर एंड रिसर्च सेंटर, श्री गांधी आदर्श कन्या विद्यालय यमुना ब्रिज तथा सिकंदरा क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों की BMD स्क्रीनिंग की गई।

एस.एन. मेडिकल कॉलेज में डॉ. ब्रिजेश शर्मा ने मरीजों और अस्पताल स्टाफ को ऑस्टियोपोरोसिस,हड्डियों एवं मांसपेशियों के स्वास्थ्य तथा सही पोश्चर के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन और कार्यस्थल पर सही तरीके से बैठने, खड़े होने और काम करने के साथ नियमित शारीरिक गतिविधि पर जोर दिया।

पुरुषोत्तम दास सावित्री देवी कैंसर केयर एंड रिसर्च सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में कैंसर सर्वाइवर्स, मरीजों के परिजन, अस्पताल स्टाफ तथा Rotary Club Agra Grace की महिला सदस्यों ने भाग लिया। AOS सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने ऑस्टियोपोरोसिस, मांसपेशियों की कमजोरी, संतुलन और सही पोश्चर के बारे में जानकारी दी। डॉ. संदीप अग्रवाल ने कैंसर मरीजों एवं कैंसर सर्वाइवर्स में बोन हेल्थ तथा उपचार के दौरान और बाद में ऑस्टियोपोरोसिस से बचाव के उपाय बताए।

कार्यक्रम में Rotary Club Agra Grace की अध्यक्ष डॉ. सुषमा गुप्ता, चार्टर सेक्रेटरी आशु मित्तल तथा डॉ. पारुल अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।

श्री गांधी आदर्श कन्या विद्यालय, यमुना ब्रिज में महिलाओं एवं स्थानीय समुदाय की BMD स्क्रीनिंग कर उन्हें हड्डियों की मजबूती, ऑस्टियोपोरोसिस से बचाव, उचित पोषण और नियमित शारीरिक गतिविधि के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में वत्सला प्रभाकर का विशेष सहयोग रहा।

सिकंदरा क्षेत्र में आयोजित शिविर में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की BMD स्क्रीनिंग की गई। कम बोन डेंसिटी के संकेत मिलने पर लोगों को संतुलित पोषण, नियमित व्यायाम और आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई।

AOS अध्यक्ष डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ ने कहा कि हड्डियों की कमजोरी अक्सर गंभीर समस्या या फ्रैक्चर होने तक सामने नहीं आती। अभियान का उद्देश्य लोगों को समय रहते अपनी बोन हेल्थ के प्रति सजग करना है।

AOS सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल BMD जांच करना नहीं, बल्कि हड्डियों, जोड़ों और मांसपेशियों की समस्याओं की रोकथाम तथा सही पोश्चर और नियमित शारीरिक गतिविधि को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना है।

AOS कोषाध्यक्ष डॉ. संजीव वोहरा ने कहा कि पूरे अगस्त में विभिन्न वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से अभियान ने जन-अभियान का स्वरूप लिया है। अभियान के चेयरमैन डॉ. डी.वी. शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता को अस्पतालों तक सीमित न रखकर स्कूलों, कार्यस्थलों, सामाजिक संस्थाओं और समुदाय तक पहुंचाना जरूरी है।

AOS ने स्पष्ट किया कि शिविरों में की गई BMD जांच स्क्रीनिंग जांच है, अंतिम निदान नहीं। कम बोन डेंसिटी के संकेत मिलने पर चिकित्सकीय मूल्यांकन तथा आवश्यकता के अनुसार DEXA Scan कराने की सलाह दी गई।

AOS ने नागरिकों से अपील की कि हड्डियों की कमजोरी का इंतजार न करें, समय रहते अपनी बोन हेल्थ की जांच कराएं, बचाव के उपाय अपनाएं और सक्रिय रहें।

Agra Moves Better–2026

Better Bones • Better Joints • Better Movement • Better Lives

आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी (AOS)

डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ — अध्यक्ष

डॉ. संजय चतुर्वेदी — सचिव

डॉ. संजीव वोहरा — कोषाध्यक्ष

डॉ. डी.वी. शर्मा — चेयरमैन, Agra Moves Better–2026