ICAI से क्लिनिक तक पहुँचा स्वस्थ हड्डियों और सही पोस्चर का संदेश




‘Agra Moves Better–2026’ के तहत BMD जांच, बोन-जॉइंट हेल्थ और एर्गोनॉमिक्स पर जागरूकता

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 12 अगस्त। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी (AOS) के माहव्यापी जनस्वास्थ्य अभियान ‘Agra Moves Better–2026’ के तहत बुधवार को ICAI भवन, संजय प्लेस तथा डॉ. गौरव राजपाल के क्लिनिक में BMD जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के माध्यम से लोगों को मजबूत हड्डियों, स्वस्थ जोड़ों, सही पोस्चर और कार्यस्थल पर एर्गोनॉमिक्स के प्रति जागरूक किया गया।

ICAI आगरा शाखा के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सीए सौरभ नारायण सक्सेना, सीए आयुष गोयल, सीए सचिन बूबना, डॉ. अनुपम गुप्ता एवं सीए आलोक कुमार अग्रवाल ने किया। डॉ. अनुपम गुप्ता ने सदस्यों को हड्डियों एवं जोड़ों के स्वास्थ्य, नियमित व्यायाम, संतुलित आहार तथा समय-समय पर BMD जांच के महत्व की जानकारी दी। इस दौरान अनेक सदस्यों ने BMD जांच का लाभ उठाया। कार्यक्रम के संयोजक सीए आलोक कुमार अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।

इसी क्रम में डॉ.गौरव राजपाल के क्लिनिक में मरीजों की BMD जांच की गई। विशेष रूप से महिलाओं को ऑस्टियोपोरोसिस से बचाव, हड्डियों को मजबूत रखने और समय पर जांच कराने के लिए जागरूक किया गया। क्लिनिक कर्मचारियों को कार्य के दौरान सही पोस्चर एवं एर्गोनॉमिक्स अपनाने का प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि कमर, गर्दन और अन्य मस्कुलोस्केलेटल समस्याओं से बचाव हो सके।

AOS अध्यक्ष डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ ने कहा कि बीमारी होने के बाद उपचार जितना जरूरी है, उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण समय रहते बचाव और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता है। ‘Agra Moves Better’ का उद्देश्य प्रिवेंटिव हेल्थ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

AOS सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने कहा कि ‘Agra Moves Better–2026’ को केवल AOS का कार्यक्रम न रखकर आगरा का जन-अभियान बनाना लक्ष्य है। इसके लिए स्कूल, अस्पताल, संस्थान, कार्यालय और सामाजिक संगठनों सहित हर वर्ग तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Public Awareness Programme के चेयरमैन डॉ. डी. वी. शर्मा ने कहा कि हड्डियों और जोड़ों की समस्याओं से बचाव के लिए सही पोस्चर, नियमित शारीरिक गतिविधि और समय पर जांच जैसे छोटे कदम स्वास्थ्य पर बड़ा सकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं।

कार्यक्रमों के आयोजन एवं समन्वय में AOS ऑफिस असिस्टेंट टोनी का विशेष सहयोग रहा।

AOS ने आगरा के नागरिकों, संस्थानों, अस्पतालों, स्कूलों, कार्यालयों, RWA एवं सामाजिक संगठनों से अभियान से जुड़ने की अपील की है। अगस्त माह में अपने संस्थान या क्षेत्र में BMD, Bone & Joint Health, Posture और Ergonomics संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने के इच्छुक लोग AOS से संपर्क कर सकते हैं।

13 अगस्त को पुष्पांजलि अस्पताल, दिल्ली गेट में मरीजों की BMD जांच के साथ नर्सिंग स्टाफ एवं हेल्थकेयर वर्कर्स को Correct Posture एवं Ergonomics Training दी जाएगी।