एक रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन,जरूरतमंदों के लिए नीलांचल सेवा ट्रस्ट ने शुरू की सेवा

 


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। जरूरतमंद और अभावग्रस्त लोगों को सम्मान के साथ भरपेट भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नीलांचल सेवा ट्रस्ट की ओर से एक रुपये में भरपेट भोजन की सेवा शुरू की गई। सेवा का शुभारंभ चामुंडा देवी मंदिर, राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर किया गया। यहां प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

सेवा का उद्घाटन मुख्य अतिथि विजय शिवहरे, एमएलसी आगरा-फिरोजाबाद एवं प्रदेश मंत्री, भाजपा, उत्तर प्रदेश ने किया। उन्होंने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और समाज के सक्षम लोगों से ऐसे सेवा कार्यों में सहयोग के लिए आगे आने का आह्वान किया।

ट्रस्ट के संस्थापक प्रेम कुमार ने बताया कि संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, अभावग्रस्त और जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाना है, ताकि आर्थिक परेशानी के कारण कोई व्यक्ति भोजन से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि सेवा नियमित रूप से संचालित की जाएगी और जरूरत के अनुसार भविष्य में इसका विस्तार भी किया जाएगा।

नीलांचल सेवा ट्रस्ट की ओर से इससे पूर्व धाकरान चौराहा, सुभाष पार्क, कलेक्ट्री के बार, भावना टावर और कोठी मीना बाजार में भी जरूरतमंदों के लिए भोजन की व्यवस्था संचालित की जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित कर सेवा अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सेवा से जुड़े लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया। उपस्थित लोगों ने एक रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की पहल की सराहना करते हुए समाज के सक्षम लोगों से सेवा कार्य में सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर नीलांचल सेवा ट्रस्ट के संस्थापक प्रेम कुमार, आकाश अग्रवाल, हर्ष गुप्ता, पार्षद शरद चौहान, विक्रांत कुशवाहा, डॉ. अमित सिंह पटेल, संजू यादव, लालतेश चौधरी, सचिन यादव आदि मौजूद रहे।