आकाश की तरह भतीजी दीपिका भी रहेंगी पार्टी की जिम्मेदारी से दूर,ईशान आनंद पर जताया भरोसा
23 सितंबर को लखनऊ में होगी बसपा पदाधिकारियों की बैठक, आगे की रणनीति पर होगा मंथन
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने पार्टी में अपने परिवार के सदस्यों की भूमिका को लेकर एक बार फिर बड़ा फैसला किया है। उन्होंने अपने भाई आनंद कुमार की बेटी दीपिका आनंद को भी पार्टी की जिम्मेदारियों से दूर रखने का निर्णय लिया है। इससे पहले मायावती अपने भतीजे आकाश आनंद को लेकर भी पार्टी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में बदलाव कर चुकी हैं।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए पोस्ट में कहा कि आनंद कुमार के परिवार में से किसे पार्टी में आगे बढ़ाया जाए, यह उनके लिए पिछले कुछ समय से दुविधा का विषय था। सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार करने के बाद उन्होंने तय किया कि परिवार से ऐसे सदस्य को ही आगे बढ़ाया जाए, जो आकाश आनंद के नक्शेकदम पर न चले।
मायावती के मुताबिक, शादी के बाद दीपिका आनंद का मामला भी आकाश आनंद जैसा होने की संभावना को देखते हुए उन्होंने पार्टी हित में आकाश आनंद और उनकी बहन दीपिका को संगठन में कोई जिम्मेदारी नहीं देने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल आनंद कुमार के परिवार से केवल ईशान आनंद को पार्टी में सम्मानजनक जिम्मेदारी देकर आगे बढ़ाया जाएगा। हालांकि, मायावती ने यह भी स्पष्ट किया कि ईशान के संबंध में भविष्य को लेकर अभी कुछ भी निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता।
23 सितंबर को होगी अहम बैठक :
इसी बीच मायावती ने 23 सितंबर को पार्टी के ऑल इंडिया स्तर के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई है। बैठक में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज के साथ आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि परिवार के सदस्यों की पार्टी में भूमिका और संगठन को लेकर हालिया फैसलों पर भी बैठक में चर्चा हो सकती है।
आकाश को लेकर कई बार बदला रुख :
मायावती इससे पहले अपने भतीजे आकाश आनंद को बसपा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दे चुकी हैं। हालांकि, बाद में उनके राजनीतिक भविष्य और पार्टी में भूमिका को लेकर मायावती ने कई बार अपना रुख बदला। अब दीपिका आनंद को भी पार्टी की जिम्मेदारियों से दूर रखने के फैसले के बाद परिवार के भीतर से पार्टी में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सदस्यों की संख्या सीमित होती दिखाई दे रही है।
रिपोर्ट : मनमोहन जी

