हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
लखनऊ। लखनऊ मंडल में हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा सरकारी एवं विभागीय कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राजभाषा सप्ताह-2026 के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
इन आयोजनों के माध्यम से रेलकर्मियों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने तथा कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा के प्रयोग को और अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के निर्देशन में राजभाषा सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंडल कार्यालय स्थित बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा.) भुवनेश सिंह तथा राजभाषा अधिकारी द्वारा किया गया।
राजभाषा सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर मंडल के रेलकर्मियों द्वारा ‘पिया परदेसी’ शीर्षक से प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति दी गई। नाटक का निर्देशन प्रिया पुरवार ने किया। प्रस्तुति के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को संवेदनशील और प्रभावी ढंग से सामने रखा गया।
‘पिया परदेसी’ महज एक पारिवारिक कहानी नहीं रही, बल्कि इसमें महिलाओं के जीवन से जुड़े संघर्ष, त्याग, विश्वास, आत्मसम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। नाटक ने यह संदेश दिया कि परिस्थितियां कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, एक साधारण महिला भी अपने साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर अपनी वास्तविक शक्ति को पहचान सकती है और विपरीत परिस्थितियों का सामना कर सकती है।
नाटक के दौरान कलाकारों के सशक्त अभिनय और भावपूर्ण संवादों ने दर्शकों को भावुक करने के साथ-साथ सामाजिक विषयों पर सोचने के लिए भी प्रेरित किया। प्रस्तुति के समापन पर उपस्थित अधिकारियों एवं रेलकर्मियों ने कलाकारों के अभिनय तथा निर्देशन टीम के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सा.) मनीष गंगवार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने राजभाषा सप्ताह के आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, कलाकारों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।


