माँ शीतला गली में धूमधाम से मनाया,श्री गणेश उत्सव का 21वां स्थापना दिवस

पूजा-अर्चना और आरती कर भगवान गणेश से सुख-समृद्धि की कामना

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। हर वर्ष की भांति इस बार भी शीतला गली में गणेश उत्सव का 21वां स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवारों की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम का आयोजन राम शर्मा, सोनू शर्मा, मोनू शर्मा एवं शीतला गली के समस्त निवासियों के सहयोग से किया गया। मुख्य अतिथि भारत भूषण एडवोकेट ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर विधिवत आरती की। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। उनकी आराधना से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार होता है।

पूजा और आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाए और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। आयोजन में कमल शर्मा, लकी वर्मा, आदर्श, पप्पू भाई, विनय गौतम, विनोद यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

आयोजकों ने बताया कि शीतला गली में गणेश उत्सव की यह परंपरा पिछले 21 वर्षों से निरंतर चली आ रही है। हर वर्ष क्षेत्रवासी मिलकर गणेश उत्सव मनाते हैं, जिससे आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को भी बढ़ावा मिलता है।

रिपोर्ट : असलम सलीमी