Agra Moves Better-2026 : 60.6% प्रतिभागियों का T-score सामान्य कट-ऑफ से नीचे

उम्र बढ़ने के साथ हड्डियों की कमजोरी का संकेत बढ़ा, 1,704 लोगों की स्क्रीनिंग का वैज्ञानिक विश्लेषण

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी (AOS) की ओर से अगस्त माह में चलाए गए “Agra Moves Better–2026” अभियान के दौरान शहर के विभिन्न सामुदायिक एवं संस्थागत स्थलों पर की गई बोन हेल्थ स्क्रीनिंग के आंकड़ों में हड्डियों की सेहत को लेकर महत्वपूर्ण संकेत सामने आए हैं। विस्तृत वैज्ञानिक जांच एवं डेटा रीकन्सिलिएशन के बाद तैयार अंतिम डेटासेट में 1,704 प्रतिभागियों को शामिल किया गया है। इनकी आयु 16 से 89 वर्ष के बीच रही और स्क्रीनिंग शहर के 26 अलग-अलग स्थानों/सेटिंग्स में की गई।

अभियान के आंकड़ों के अनुसार, 1,704 प्रतिभागियों में से 1,033 यानी 60.6 प्रतिशत के स्क्रीनिंग T-score सामान्य कट-ऑफ से नीचे पाए गए। उम्र बढ़ने के साथ यह अनुपात लगातार बढ़ता दिखाई दिया। 30 वर्ष से कम आयु वर्ग में यह 38.3 प्रतिशत रहा, जबकि 30–39 वर्ष में 52.9 प्रतिशत, 40–49 वर्ष में 68 प्रतिशत, 50–59 वर्ष में 77.6 प्रतिशत, 60–69 वर्ष में 79.3 प्रतिशत और 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग में यह आंकड़ा 83.8 प्रतिशत रहा।

अभियान का एक महत्वपूर्ण निष्कर्ष यह भी रहा कि हड्डियों की सेहत केवल महिलाओं तक सीमित विषय नहीं है। स्क्रीनिंग में शामिल पुरुषों और महिलाओं में सामान्य कट-ऑफ से कम T-score का अनुपात लगभग समान पाया गया। इससे पुरुषों में भी बोन हेल्थ और ऑस्टियोपोरोसिस के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता रेखांकित होती है।

AOS ने स्पष्ट किया है कि ये आंकड़े peripheral QUS screening measurements पर आधारित हैं। इन्हें central DXA जांच से किए गए osteoporosis diagnosis के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। साथ ही, ये परिणाम अभियान के दौरान स्क्रीनिंग कराने वाले लोगों पर आधारित हैं, इसलिए इन्हें पूरे आगरा शहर में osteoporosis की वास्तविक prevalence नहीं माना जा सकता।

आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी अब इस व्यापक और विविध डेटासेट का विस्तृत epidemiological एवं biostatistical analysis करने की तैयारी में है। इसके बाद निष्कर्षों को वैज्ञानिक मंच पर प्रस्तुत करने तथा peer-reviewed medical journal में शोध-पत्र के रूप में प्रकाशित कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

AOS का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल स्क्रीनिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को समय रहते अपनी हड्डियों की सेहत के प्रति जागरूक करना भी है। संस्था ने नागरिकों से नियमित शारीरिक गतिविधि अपनाने, सक्रिय रहने और हड्डियों की सेहत की समय रहते जांच कराने की अपील की।

संदेश : हड्डियों की सेहत की रक्षा करें-अभी से।

सक्रिय रहें • मजबूत बनें • स्वस्थ रहें

Move Better • Live Better • Agra Moves Better