हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। जनपद के परिषदीय, राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त/मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 5 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए ‘एक सपनों का भारत चित्र सेवा’ त्रि-स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में 18 सितंबर को विद्यालय स्तर पर छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यालय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को विकासखंड स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराया जाएगा।
कंपोजिट विद्यालय बेलनगंज आगरा में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में रितिका ने प्रथम, नंदनी ने द्वितीय और निम्मी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रिंस और आदित्य को सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक अरविन्द दोहरे, हिमानी अग्रवाल एवं पूनम उपस्थित रहीं।
इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय कृष्णा कॉलोनी आगरा में आयोजित प्रतियोगिता में संध्या ने प्रथम, सोफिया ने द्वितीय तथा कृष्णा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इफरा और नेहा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा मंडल उपाध्यक्ष मिथलेश जी ने सफल प्रतिभागियों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक अलका गुप्ता, साधना सिंघल एवं मुस्कान उपस्थित रहीं।
कंपोजिट विद्यालय छलेसर में भी चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यालय में राजेश्वर सिंह की उपस्थिति में अतिथि नरेन्द्र सिकरवार ने सफल प्रतिभागियों को कॉपी, पेन, रजिस्टर एवं प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के अगले चरण में विद्यालय स्तर से चयनित छात्र-छात्राएं विकासखंड स्तर पर प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और भारत के प्रति सकारात्मक सोच को चित्रकला के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करना है।



