सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला प्रशस्ति पत्र,41 हस्तियों का हुआ सम्मान
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिले के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाज चिंतक डॉ. जितेन्द्र बच्चन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. बच्चन की कर्तव्यनिष्ठा, निस्वार्थ भाव से समाज के प्रति लगन और समर्पण की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के अलावा मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कुमार सौरभ, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र सिंह तथा जिला एनजीओ कोर्डिनेटर तनुज गंभीर मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली कुल 41 हस्तियों को सम्मानित किया गया। इनमें 35 गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) तथा छह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के प्रतिनिधि शामिल रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ सहित जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति सामाजिक जागरूकता लाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा के सफर में अब तक अनेक सम्मान मिले हैं, लेकिन जिला प्रशासन की ओर से मिला यह सम्मान उनके लिए बेहद भावुक और प्रेरणादायी है।
डॉ. बच्चन ने कहा, “इस सम्मान के लिए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र सिंह एवं जिला एनजीओ कोर्डिनेटर तनुज गंभीर का हृदय से आभार। आपका यह प्रोत्साहन हमारे संकल्प ‘विकसित समाज, सशक्त भारत’ को और मजबूत करता है तथा समाज के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ और सीडीओ कुमार सौरभ ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने का आह्वान किया। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है।
इस अवसर पर प्रशासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने, पौधरोपण, स्वीप, एसआईआर, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए गैर सरकारी संगठनों के पदाधिकारी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स भी उपस्थित रहे।


