जनकपुरी की महाआरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब,मंत्री बेबी रानी मौर्य,प्र.समाजसेवी पूरन डाबर,एमलसी विजय शिवहरे समेत कई विशिष्ट अतिथियों ने की आरती



149वें जनकपुरी महोत्सव की तैयारियां तेज, जनक महल से लेकर विद्युत सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। 149वें जनकपुरी महोत्सव 2026 को लेकर भावना एस्टेट स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित दैनिक महाआरती में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। महाआरती में उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री एवं उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे तथा प्रमुख उद्योगपति एवं समाजसेवी पूरन डावर ने सहभागिता कर विधिवत आरती की और भगवान के श्री चरणों में नमन किया।

महाआरती के बाद कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने श्रद्धालुओं और आयोजन समिति के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए जनकपुरी महोत्सव को भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए समिति को शुभकामनाएं दीं।

विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने कहा कि आगरा की जनकपुरी महोत्सव की परंपरा शहर की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा है। भगवान श्रीराम और माता सीता के आदर्शों से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था को दर्शाती है। उन्होंने आयोजन समिति की तैयारियों की सराहना करते हुए महोत्सव की सफलता की कामना की।

उद्योगपति एवं समाजसेवी पूरन डावर ने भी महाआरती में सहभागिता की और आयोजन समिति की तैयारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनकपुरी महोत्सव धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सांस्कृतिक परंपराओं और सामूहिक सहभागिता का उत्सव है। उन्होंने महोत्सव की भव्यता और व्यवस्थाओं के लिए समिति को शुभकामनाएं दीं।

आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने विशिष्ट अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाआरती में उनकी गरिमामयी उपस्थिति से समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने बताया कि जनकपुरी महोत्सव को भव्य, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं की भावनाओं के अनुरूप आयोजित करने के लिए समिति पूरी तरह जुटी हुई है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष जनकपुरी क्षेत्र में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। जनक महल के निर्माण, विद्युत सजावट, मंच, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में क्षेत्र में करीब 12 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ भी हुआ है, जिससे महोत्सव से पहले जनकपुरी क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है।

अध्यक्ष राजू यादव ने महाआरती में पहुंचे सभी विशिष्ट अतिथियों, समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से जनकपुरी महोत्सव 2026 को भव्य एवं स्मरणीय बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।