‘मीट एट आगरा’ का 18वां संस्करण कल से,एक छत के नीचे जुटेगा फुटवियर उद्योग



आगरा ट्रेड सेंटर में 250 एग्जिबिटर्स लगाएंगे स्टॉल,चाइना पवेलियन में दिखेंगे आठ चीनी प्रदर्शक

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। फुटवियर उद्योग के कारोबारियों, निर्माताओं, निर्यातकों और तकनीक प्रदाताओं का प्रमुख मंच ‘मीट एट आगरा’ शनिवार से शुरू होगा। आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैम्बर (एफमेक) की ओर से आयोजित 18वां अंतरराष्ट्रीय फेयर 3 से 5 अक्टूबर तक सींगना स्थित आगरा ट्रेड सेंटर में चलेगा।  फेयर में लगभग 250  एग्जिबिटर्स फुटवियर कंपोनेंट्स, मटीरियल्स, मशीनरी, तकनीक और उत्पादन से जुड़े आधुनिक समाधान प्रदर्शित करेंगे। इनमें आठ चाइनीज एग्जिबिटर्स भी शामिल हैं।

फेयर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। शनिवार को सुबह 11 बजे इसका उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्य सचिव एवं वर्तमान में यूपी स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वरिष्ठ आईएएस मनोज कुमार सिंह करेंगे। शुक्रवार को आगरा ट्रेड सेंटर में आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजकों ने फेयर की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी।

कारोबार और तकनीक का साझा मंच :

एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि ‘मीट एट आगरा’ फुटवियर उद्योग की जरूरतों को एक छत के नीचे लाने वाला मंच बन चुका है। फेयर में कारोबारी नए कंपोनेंट्स, मटीरियल्स, मशीनरी और उत्पादन तकनीकों की जानकारी लेने के साथ सीधे आपूर्तिकर्ताओं से संवाद कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष फेयर की थीम ‘डिस्कवर • क्रिएट • कनेक्ट • ग्रो’ रखी गई है। बदलते फैशन, आरामदायक फुटवियर की बढ़ती मांग, संगठित रिटेल और ऑनलाइन कारोबार के विस्तार के बीच उद्योग के सामने नए अवसर हैं। ऐसे में गुणवत्ता, डिजाइन और आधुनिक उत्पादन तकनीक को अपनाना जरूरी है।

गोपाल गुप्ता ने कहा कि आगरा में राम बारात, आंबेडकर जयंती और अग्रसेन जयंती जैसे बड़े आयोजनों की परंपरा रही है। इसी क्रम में ‘मीट एट आगरा’ ने भी 18 वर्षों की यात्रा में देश-विदेश में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय एफमेक के पूर्व अध्यक्षों, पदाधिकारियों और सदस्यों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने आगरा के उद्यमियों और विशेष रूप से फुटवियर उद्योग से जुड़े कारोबारियों से फेयर में पहुंचकर नई तकनीक, मटीरियल्स और कंपोनेंट्स की जानकारी लेने तथा आगामी सीजन के लिए अपने उत्पादों को नए रूप में तैयार करने की अपील की।

300 करोड़ जोड़ी उत्पादन के साथ दुनिया में दूसरे स्थान पर भारत :

एफमेक कन्वीनर एवं डीसीएफएलआई चेयरमैन पूरन डावर ने कहा कि भारत की उत्पादन क्षमता और बड़ा घरेलू बाजार फुटवियर उद्योग की प्रमुख ताकत हैं। आधुनिक तकनीक, बेहतर डिजाइन, कौशल विकास और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप गुणवत्ता पर ध्यान देकर भारतीय उद्योग वैश्विक बाजार में अपनी स्थिति मजबूत कर सकता है।

उन्होंने वर्ल्ड फुटवियर ईयरबुक 2026 के वर्ष 2025 के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि उस वर्ष दुनिया में करीब 2,460 करोड़ जोड़ी फुटवियर का उत्पादन हुआ। भारत में लगभग 300 करोड़ जोड़ी फुटवियर का उत्पादन हुआ, जो वैश्विक उत्पादन का 12.2 प्रतिशत था। उत्पादन के मामले में चीन के बाद भारत दूसरे स्थान पर रहा। भारत में फुटवियर की खपत भी करीब 280 करोड़ जोड़ी रही।

चाइना पवेलियन रहेगा आकर्षण का केंद्र :

एफमेक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन एएस राणा ने बताया कि हॉल बी में बनाया गया चाइना पवेलियन इस बार फेयर के प्रमुख आकर्षणों में रहेगा। यहां आठ चाइनीज एग्जिबिटर्स फुटवियर कंपोनेंट्स, मटीरियल्स और मशीनरी से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। भारतीय कारोबारी उनसे सीधे संवाद कर उत्पादों और तकनीक की जानकारी ले सकेंगे।

उन्होंने कहा कि फेयर का उद्देश्य केवल उत्पादों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि निर्माताओं, आपूर्तिकर्ताओं और खरीदारों के बीच व्यावहारिक कारोबारी संवाद को बढ़ावा देना भी है।

गुणवत्ता और आधुनिक तकनीक पर जोर :

एफमेक उपाध्यक्ष राजीव वासन ने कहा कि फुटवियर उद्योग में बेहतर उत्पाद के साथ समय पर आपूर्ति, लागत नियंत्रण और ग्राहकों की जरूरतों को समझना भी महत्वपूर्ण है। फेयर में कारोबारी नई मशीनरी और उत्पादन समाधान देखकर अपनी इकाइयों के आधुनिकीकरण की दिशा में निर्णय ले सकेंगे।

उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने कहा कि वैश्विक बाजार में मजबूत पहचान के लिए गुणवत्ता, डिजाइन, टिकाऊपन और आराम पर लगातार काम करना जरूरी है। ‘मीट एट आगरा’ उद्योग से जुड़े लोगों को इन जरूरतों के अनुरूप नई तकनीक और उत्पादों से परिचित कराने का काम करेगा।

बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स के बीच संवाद :

एफमेक महासचिव प्रदीप वासन ने बताया कि रविवार, 4 अक्टूबर को फेयर विजिट के साथ बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स के बीच संवाद एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें खरीदारों की अपेक्षाओं, उत्पाद विकास और कारोबारी संभावनाओं पर चर्चा होगी।

फेयर के अंतिम दिन सोमवार, 5 अक्टूबर को एग्जिबिटर्स सम्मान समारोह और मीडिया ब्रीफ आयोजित किया जाएगा। इसमें फेयर के अनुभवों और फुटवियर उद्योग से जुड़े विषयों पर जानकारी साझा की जाएगी।

डिजिटल माध्यमों को बढ़ावा :

आयोजन में डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग और कागज के न्यूनतम इस्तेमाल पर जोर दिया गया है। विजिटर्स और एग्जिबिटर्स से क्यूआर कोड के माध्यम से फीडबैक और सुझाव लिए जाएंगे।

ये पदाधिकारी रहे मौजूद :

प्रेसवार्ता में फेयर कमेटी की चेयरमैन माला खेड़ा, एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, कन्वीनर एवं डीसीएफएलआई चेयरमैन पूरन डावर, पूर्व अध्यक्ष कैप्टन एएस राणा, उपाध्यक्ष राजीव वासन, उपाध्यक्ष राजेश सहगल, महासचिव प्रदीप वासन, सचिव अनिरुद्ध तिवारी, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, ललिता अरोरा, सुनील मनचंदा, सीफी के प्रदेश महासचिव नकुल मनचंदा और जसविंदर सिंह खेड़ा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।