तीन दिन में 21,147 विजिटर्स पहुंचे, 224 स्टॉल पर दिखी नई तकनीक; पांच श्रेणियों में सात प्रदर्शक सम्मानित
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। नई तकनीक, आधुनिक मशीनरी, फुटवियर कंपोनेंट्स, कारोबारी संपर्क और वैश्विक साझेदारी की संभावनाओं के साथ 18वें ‘मीट एट आगरा’ का सोमवार को आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में समापन हो गया। तीन दिन चले फुटवियर ट्रेड फेयर में 21,147 विजिटर्स पहुंचे। आयोजकों के आकलन के अनुसार, फेयर ने करीब 21 हजार करोड़ रुपये के संभावित कारोबारी अवसरों की आधारशिला तैयार की।
फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैम्बर (एफमेक) के आयोजन में 10,115 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स तथा 1,940 विद्यार्थी एवं भावी उद्यमी पहुंचे। कुल 224 स्टॉल्स पर फुटवियर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स, मशीनरी और औद्योगिक सहयोग सेवाओं का प्रदर्शन किया गया। देश-विदेश से आए प्रदर्शकों और कारोबारियों के बीच तकनीक, गुणवत्ता, सोर्सिंग और भविष्य की कारोबारी साझेदारी को लेकर संवाद हुआ।
अंतिम दिन 8,810 विजिटर्स पहुंचे :
फेयर के अंतिम दिन 8,810 विजिटर्स पहुंचे। इनमें 4,428 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स और 927 विद्यार्थी एवं भावी उद्यमी शामिल रहे। विभिन्न स्टॉल्स पर मशीनरी, मटेरियल्स और तकनीकी समाधानों की जानकारी लेने के साथ प्रदर्शकों और खरीदारों के बीच कारोबारी संभावनाओं पर चर्चा हुई।
पिछले संस्करण की तुलना में इस बार कारोबारी सहभागिता में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वर्ष 2025 में 19,420 विजिटर्स और 8,390 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स पहुंचे थे, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर क्रमशः 21,147 और 10,115 हो गई। संभावित कारोबार का आकलन भी पिछले वर्ष के 18,500 करोड़ रुपये से बढ़कर इस बार 21 हजार करोड़ रुपये रहा।
डीएम मनीष बंसल ने स्टॉल-दर-स्टॉल जानी नई तकनीक :
फेयर के अंतिम दिन जिलाधिकारी आगरा मनीष बंसल ने आगरा ट्रेड सेंटर पहुंचकर ‘मीट एट आगरा’ का भ्रमण किया। एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, फेयर ऑर्गनाइजिंग कमेटी की चेयरपर्सन माला खेड़ा, पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए.एस. राणा, उपाध्यक्ष राजीव वासन एवं राजेश सहगल तथा प्रदीप वासन सहित एफमेक पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर, माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया।
डीएम ने विभिन्न स्टॉल्स पर पहुंचकर प्रदर्शित मशीनरी, फुटवियर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स और नई तकनीकों की जानकारी ली। उन्होंने एग्जिबिटर्स से तकनीक की उपयोगिता, उत्पादन प्रक्रिया और उद्योग में उसके इस्तेमाल के बारे में भी जानकारी हासिल की।
चाइना पवेलियन में प्रदर्शकों से किया संवाद :
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से चाइना पवेलियन का दौरा किया और चीन से आए एग्जिबिटर्स से संवाद किया। उन्होंने वहां प्रदर्शित मशीनरी, मटेरियल्स और फुटवियर कंपोनेंट्स के बारे में जानकारी ली। भारतीय और विदेशी कंपनियों को एक मंच पर लाने तथा नई तकनीक और कारोबारी अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास की उन्होंने सराहना की।
उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं और भव्यता की प्रशंसा करते हुए फुटवियर उद्योग के विकास के लिए प्रशासन एवं सरकार के स्तर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान जीएम डीआईसी शैलेन्द्र सिंह सहित एफमेक पदाधिकारी और फेयर ऑर्गनाइजिंग कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
गुणवत्ता, डिजाइन और उत्पादकता पर जोर :
एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि फेयर ने फुटवियर निर्माताओं को नई तकनीक और बाजार की बदलती जरूरतों से जुड़ने का अवसर दिया। यहां बने कारोबारी संपर्क आगे नई साझेदारियों और कारोबार का आधार बनेंगे।
पूर्व अध्यक्ष कैप्टन एएस राणा ने कहा कि वैश्विक बाजार में स्थिति मजबूत करने के लिए उद्योग को गुणवत्ता, डिजाइन और उत्पादकता पर लगातार काम करना होगा। फेयर में विकसित संपर्कों को ठोस कारोबारी परिणामों में बदलना अगली चुनौती है।
उपाध्यक्ष राजीव वासन ने मशीनरी और मटेरियल्स के प्रदर्शन को उत्पादन प्रक्रिया बेहतर बनाने में उपयोगी बताया। उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने कहा कि निर्माताओं और आपूर्तिकर्ताओं के सीधे संवाद से गुणवत्ता और आपूर्ति संबंधी जरूरतों को समझने में मदद मिली। महासचिव प्रदीप वासन ने आयोजन के दौरान बने व्यावसायिक संपर्कों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
पांच श्रेणियों में सात प्रदर्शकों को सम्मान :
समापन समारोह में उत्पादों, नवाचार और स्टॉल प्रस्तुति के लिए पांच श्रेणियों में सात प्रदर्शकों को सम्मानित किया गया।
बेस्ट पॉलिमर्स एंड केमिकल्स का सम्मान केएलजे पॉलिमर्स एंड केमिकल्स के सौरभ गुप्ता एवं विनय गुप्ता को मिला। बेस्ट लेदर प्रोडक्ट्स का सम्मान बसंत एंटरप्रेन्योर प्रा. लि. के प्रणव मित्तल को और बेस्ट मशीनरी स्टॉल का सम्मान पायनियर टेक स्टेप लिंकर्स के कपिल धवन को दिया गया।
बेस्ट इनोवेटिव प्रोडक्ट श्रेणी में संदीप रबर (आई) इंडस्ट्रीज के संजय गुप्ता और नवकार टेकटेक्स प्रा. लि. के श्रेयांश बोथरा सम्मानित हुए। वहीं बेस्ट एग्जिबिटर अवार्ड स्टक केमिकल्स प्रा. लि. (स्टक ऑन ग्रुप) के शैलेश पाठक तथा श्रॉफ सेल्स कॉरपोरेशन (श्रॉफ ग्रुप) के निमित श्रॉफ एवं सौरभ श्रॉफ को प्रदान किया गया।
चाइना पवेलियन में दिखी कारोबारी रुचि :
हॉल-बी स्थित चाइना पवेलियन में भारतीय उद्यमियों ने चीनी प्रदर्शकों से कंपोनेंट्स, मटेरियल्स और मशीनरी की जानकारी ली। तकनीकी समाधानों ने निर्माताओं को अपनी उत्पादन जरूरतों के अनुरूप विकल्प तलाशने का अवसर दिया। विद्यार्थियों और भावी उद्यमियों को फुटवियर निर्माण, डिजाइन और उद्योग में उपलब्ध अवसरों का व्यावहारिक परिचय भी मिला।
इस वर्ष चीन से आठ एग्जिबिटर्स ने भागीदारी की। चीनी प्रदर्शकों ने आयोजन के अनुभव को उत्साहजनक बताते हुए अगले वर्ष अधिक संख्या में भागीदारी की इच्छा जताई।
वर्जन :
फेयर ने आगरा के निर्यातकों और निर्माताओं को चीनी एग्जिबिटर्स से सीधे संवाद और सोर्सिंग का अवसर दिया। इससे बिचौलियों की अतिरिक्त लागत कम होने तथा प्रतिस्पर्धी दरों पर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स और मशीनरी मिलने से स्थानीय निर्माताओं को वैश्विक बाजार में बेहतर कीमतों पर अपने उत्पाद बेचने में मदद मिलेगी।
- गोपाल गुप्ता, अध्यक्ष, एफमेक
‘मीट एट आगरा’ में बढ़ती कारोबारी सहभागिता उद्योग के विश्वास और इस मंच की उपयोगिता को दर्शाती है। वर्ष 2027 में अधिक देशों की भागीदारी सुनिश्चित कर इसे और व्यापक अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने का प्रयास करेंगे।
- कैप्टन ए.एस. राणा, पूर्व अध्यक्ष, एफमेक
निर्माताओं और आपूर्तिकर्ताओं के सीधे संवाद से उद्योग की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला। यहां विकसित संपर्क भविष्य में विश्वसनीय आपूर्ति और दीर्घकालिक साझेदारी का आधार बनेंगे।
- राजेश सहगल, उपाध्यक्ष, एफमेक
तीन दिनों में 10,115 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स की सहभागिता आयोजन की कारोबारी उपयोगिता को स्पष्ट करती है। हमारा प्रयास रहेगा कि यहां शुरू हुए संवाद आगे व्यावसायिक सहयोग और नए अवसरों में बदलें।
- माला खेड़ा, चेयरपर्सन, फेयर ऑर्गनाइजिंग कमेटी
प्रदर्शकों, सहयोगियों और आयोजन टीम के समन्वय से तीन दिवसीय फेयर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतिभागियों के अनुभव और सुझाव अगले संस्करण की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में मार्गदर्शन देंगे।
- प्रदीप वासन, महासचिव, एफमेक
‘मीट एट आगरा’ ने उद्यमियों को तकनीक, उत्पादों और बाजार की जरूरतों को एक साथ समझने का अवसर दिया। विद्यार्थियों और भावी उद्यमियों की सहभागिता भी उद्योग के भविष्य के लिए उत्साहजनक रही।
- अनिरुद्ध तिवारी, सचिव, एफमेक
तीन दिनों के प्रमुख आंकड़े :
कुल विजिटर्स: 21,147
पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स: 10,115
विद्यार्थी एवं भावी उद्यमी: 1,940
कुल स्टॉल्स: 224
संभावित कारोबारी अवसर: ₹21,000 करोड़
चीन से एग्जिबिटर्स: 8
2027 में 2, 3 और 4 अक्टूबर को होगा ‘मीट एट आगरा’
समापन अवसर पर एफमेक ने 19वें ‘मीट एट आगरा’ की तारीखों की घोषणा भी कर दी। ‘मीट एट आगरा 2027’ का आयोजन 2, 3 और 4 अक्टूबर 2027 को आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में होगा।
एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि अगले संस्करण में चीन के साथ-साथ अन्य देशों से भी एग्जिबिटर्स और उद्योग प्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ‘मीट एट आगरा’ को और व्यापक वैश्विक मंच बनाया जा सके।
समापन समारोह में फेयर ऑर्गनाइजिंग कमेटी की चेयरमैन माला खेड़ा, सचिव अनिरुद्ध तिवारी, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, सीफी के प्रदेश अध्यक्ष ओपिंदर लवली, महासचिव नकुल मनचंदा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी एफमेक के संकल्प अग्रवाल, सीसीएलए के अजय शर्मा, बृजेश शर्मा और मुनेंद्र सिंह ने संभाली।





