भाजपा ने दिखाया दम : 500 वाहनों के काफिले के साथ आगरा पहुंचे इंजी. हरि किशोर तिवारी


आगरा खंड शिक्षक एमएलसी सीट पर भाजपा प्रत्याशी का नामांकन, रमन ग्राउंड से कमिश्नरी तक दिखा कार्यकर्ताओं का उत्साह

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत 12 जिलों के पदाधिकारी और जन प्रतिनिधि जुटे, इटावा से भी उमड़ा समर्थकों का हुजूम

हिन्दुस्तान वार्ता। धर्मेन्द्र कु.चौधरी

आगरा। आगरा खंड शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी ने शनिवार को पूरे लाव-लश्कर और समर्थकों के साथ आगरा कमिश्नरी पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले रमन ग्राउंड पर आयोजित सभा में भाजपा ने अपनी संगठनात्मक तैयारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में आगरा खंड के अंतर्गत आने वाले 12 जिलों के जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी, वर्तमान एवं पूर्व सांसद-विधायक तथा अन्य जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।

रमन ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिक्षक और स्नातक दोनों एमएलसी सीटों के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह उनका पहला चुनाव है और इसमें उनकी प्रतिष्ठा भी दांव पर है। प्रदेश अध्यक्ष के संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।

कार्यक्रम में श्री रामप्रताप जी, क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन पाल, क्षेत्र प्रभारी गीता शाक्य, मंत्री एसपी सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, बेबी रानी मौर्य, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह समेत पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनके अलावा वर्तमान विधायक, पूर्व विधायक, वर्तमान सांसद, पूर्व सांसद, महापौर, जिलाध्यक्ष और विभिन्न संगठनात्मक पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इटावा से उमड़ा समर्थकों का हुजूम :

हरि किशोर तिवारी के इटावा से जुड़े होने का असर नामांकन के दौरान भी दिखाई दिया। इटावा से करीब 500 वाहनों का काफिला आगरा पहुंचा। काफिले में इटावा के पार्टी पदाधिकारी, विधायक, सांसद, पूर्व सांसद और बड़ी संख्या में समर्थक शामिल रहे। वाहनों के काफिले के साथ समर्थक आगरा पहुंचे और नामांकन कार्यक्रम में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

रमन ग्राउंड से लेकर कमिश्नरी तक भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की सक्रियता चर्चा का विषय रही। नामांकन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशी के समर्थन में उत्साह प्रदर्शित किया।

अन्नू गुप्ता पर्यवेक्षक के रूप में रहे मौजूद :

इं.हरि किशोर तिवारी के नामांकन के दौरान अन्नू गुप्ता जिला अध्यक्ष के पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई।

शिक्षक सीट पर इं.हरि किशोर तिवारी एवं स्नातक सीट पर मानवेंद्र प्रताप सिंह को टिकट :

भाजपा ने आगरा खंड शिक्षक एमएलसी सीट पर इंजी.हरि किशोर तिवारी को प्रत्याशी बनाया है, जबकि स्नातक सीट पर वर्तमान एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह को दोबारा मैदान में उतारा गया है।

हरि किशोर तिवारी पूर्व पीडब्ल्यूडी इंजीनियर और कर्मचारी नेता रहे हैं। वर्ष 2020 में उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में स्नातक एमएलसी चुनाव लड़ा था और तीसरे स्थान पर रहे थे। उस चुनाव में डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने जीत दर्ज की थी। इस बार भाजपा ने दोनों नेताओं को अलग-अलग सीटों पर प्रत्याशी बनाकर चुनाव मैदान में उतारा है।

12 जिलों के संगठन की मौजूदगी ने बढ़ाया कार्यक्रम का कद :

आगरा खंड शिक्षक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े 12 जिलों के संगठनात्मक पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने नामांकन कार्यक्रम को बड़ा स्वरूप दिया। प्रदेश से लेकर क्षेत्र और जिला स्तर तक के नेताओं की मौजूदगी में भाजपा ने दोनों एमएलसी सीटों के लिए चुनावी गतिविधियों को तेज करने का संदेश दिया।

छाया : असलम सलीमी