हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। गांधी जी जयंती एवं शास्त्री जी जयंती के पावन अवसर पर शुक्रवार, 02 अक्टूबर 2026 को यूपी रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय, आगरा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय प्रबंधक ब्रह्म प्रकाश अग्रवाल द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके आदर्शों को स्मरण किया। कार्यक्रम में दोनों महान विभूतियों के सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला गया।
क्षेत्रीय प्रबंधक ब्रह्म प्रकाश अग्रवाल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए परिवहन निगम की विभागीय कार्ययोजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं सकारात्मक सोच की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को सदैव मधुर एवं सकारात्मक वाणी का प्रयोग करने तथा अपने कार्यों के माध्यम से जनसेवा को प्राथमिकता देने की सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय प्रबंधक ब्रह्म प्रकाश अग्रवाल ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

