हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ, आगरा मंडल की नव गठित कार्यकारिणी की बैठक रविवार, 04 अक्टूबर 2026 को मंडल के कैम्प कार्यालय में मंडल अध्यक्ष आर.के. गौतम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में संघ के केन्द्रीय संयुक्त मंत्री बंशी बदन झा उपस्थित रहे। बैठक का संचालन मंडल मंत्री उमाशंकर भारद्वाज ने किया।
बैठक में गत 27 सितंबर को आयोजित मंडल अधिवेशन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही सदस्यता अभियान को गति देने तथा नए सदस्यों का स्वागत कर उन्हें संगठन की सदस्यता ग्रहण कराने पर चर्चा की गई।
बैठक में आगरा छावनी रेलवे स्टेशन, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय एवं लोको पायलट लॉबी पर संगठन की फ्लैक्सी एवं बैनर लगाने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं द्वारा संगठन का लोगो लगाए जाने तथा मंडल में नई शाखाओं के गठन को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मंडल कोषाध्यक्ष उदय सिंह मीणा, मंडल उपाध्यक्ष कोमल सिंह, मंडल संगठन मंत्री राजेश कुमार शर्मा, संयुक्त मंडल मंत्री अभिणेष, डी.के. खन्ना, डी.के. शर्मा, योगेन्द्र सिंह, श्रवण सिंह नरूका, अतुल भारद्वाज, नितिन शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर संगठन की मजबूती,सदस्यता विस्तार एवं रेल कर्मचारियों के हितों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

