जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति ने लखनऊ में भेंट कर सौंपा आमंत्रण, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को भी दिया निमंत्रण
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
लखनऊ/आगरा। श्रीराम–जानकी विवाहोत्सव एवं जनकपुरी महोत्सव-2026 के पावन आयोजन के लिए जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सादर आमंत्रित किया गया। लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर समिति के पदाधिकारियों ने भेंट कर जनकपुरी महोत्सव में पधारने का निमंत्रण अर्पित किया। मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वचन प्रदान किए।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम और मां जानकी के विवाह की दिव्य स्मृति को जीवंत करने वाला ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक उत्सव है। इसमें अयोध्या और जनकपुरी की सनातन परंपरा, भारतीय संस्कृति, मर्यादा और लोकमंगल की भावना का सुंदर समन्वय दिखाई देता है।
इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी आगरा के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति-2026 के मार्गदर्शक अजय गर्ग (अवागढ़), स्वागत अध्यक्ष अरविंद शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल एवं मुख्य संयोजक मनोज बंसल की उपस्थिति रही।
समिति की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदान की गई शुभकामनाओं एवं आशीर्वचनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री का आशीर्वाद जनकपुरी महोत्सव से जुड़े श्रद्धालुओं और आयोजन समिति के लिए विशेष प्रेरणा का विषय है।
उपमुख्यमंत्रियों को भी दिया आमंत्रण :
जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से भी भेंट कर उन्हें श्रीराम–जानकी विवाहोत्सव एवं जनकपुरी महोत्सव-2026 में पधारने का सादर आमंत्रण दिया। इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर पहुंचकर उन्हें भी महोत्सव का निमंत्रण अर्पित किया गया।

