पितरों के स्मरण व मोक्ष के लिए विद्युत शवदाह गृह में सजी श्री खाटू श्याम की भजन संध्या



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। पितृपक्ष में अपने पितरों का स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से श्याम भक्त मंडल, पथवारी एवं श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में ताजगंज स्थित विद्युत शवदाह गृह परिसर में श्री खाटू श्याम जी की संगीतमय भजन संध्या का आयोजन किया गया।

भजन संध्या में श्रद्धालुओं ने खाटू श्याम जी के भजनों का श्रवण कर पितरों की आत्मशांति एवं मोक्ष की कामना की। भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत “आ रहा हूं बाबा, तुझ पे भरोसा है”, “श्याम तेरे भरोसे मेरा परिवार है”, “हे दुख भंजन मारुति नंदन, सुन लो मेरी पुकार” तथा “जिसकी नैया श्याम भरोसे, वो नैया डूब नहीं सकती” जैसे भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।

भजनों के दौरान पूरा परिसर “खाटू नरेश की जय” के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में काफी संख्या में महिलाओं सहित श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने अपने पितरों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की।

भजन संध्या के समापन के बाद श्री खाटू श्याम जी की विधिवत आरती की गई। आरती में अध्यक्ष अनिल जिंदल, विशनू चौधरी, ताराचंद गोयल, संजीव गुप्ता, मनोज शर्मा, प्रशान्त गुप्ता, राकेश अग्रवाल, विकास अग्रवाल, विनोद गोयल, लब्बी भगत, भोला वर्मा, त्रिलोकी, बंशी, कृष्णा ठाकुर, प्रमोद गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, विपिन जिंदल एवं नंदकिशोर गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।