एयर फ़ोर्स स्टेशन आगरा में एयर फ़ोर्स एसोसिएशन आगरा चैप्टर के कार्यालय का उद्घाटन
वयोवृद्ध सार्जेंट एवं प्रमुख व्यवसायी सुरेश चंद्र सारस्वत का 80 वर्ष पूर्ण होने पर सम्मान
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। भारत सरकार से मान्यता प्राप्त एयर फ़ोर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एयर चीफ़ मार्शल वी आर चौधरी के निर्देश पर एसोसिएशन के आगरा चैप्टर के कार्यालय का उद्घाटन एयर फ़ोर्स स्टेशन आगरा परिसर में गरिमामय समारोह के दौरान किया गया। एयर फ़ोर्स स्टेशन आगरा के एयर ऑफिसर कमांडिंग एयर कोमोडोर जे. एस. राजपूत के संरक्षण में आयोजित समारोह में फ़ैमिली वेलफ़ेयर एसोसिएशन आगरा की अध्यक्षा श्रीमती मंजू राजपूत तथा स्टेशन कमांडर ग्रुप कैप्टन एम के छिब्बर ने कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एस जी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अकोला के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
समारोह की अध्यक्षता एयर फ़ोर्स एसोसिएशन आगरा चैप्टर के प्रमुख ग्रुप कैप्टन डॉ. कुँवर जय पाल सिंह चौहान ने की।अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में ग्रुप कैप्टन डॉ. कुँवर जय पाल सिंह चौहान ने कहा कि एयर फ़ोर्स एसोसिएशन केवल एक संगठन नहीं, बल्कि पूर्व वायु सैनिकों और उनके परिवारों के लिए सेवा, सहयोग और सहारे का एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य पूर्व वायु सैनिकों, उनकी विधवाओं, आश्रितों तथा वृद्ध सदस्यों की आवश्यकताओं के समय हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि एसोसिएशन के माध्यम से पूर्व वायु सैनिकों एवं उनके परिवारों को पेंशन एवं पूर्व सैनिक कल्याण से संबंधित समस्याओं के समाधान, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी सहायता, आश्रितों एवं विधवाओं की समस्याओं में सहयोग, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी एवं लाभ दिलाने, दस्तावेजी एवं प्रशासनिक मामलों में मार्गदर्शन तथा आवश्यकता के समय सामाजिक एवं मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि वृद्ध एवं अकेले रह रहे पूर्व वायु सैनिकों तथा वीर नारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के साथ समन्वय किया जाएगा। उन्होंने पूर्व वायु सैनिकों से आह्वान किया कि वे अपनी समस्याओं को छिपाएँ नहीं, बल्कि एयर फ़ोर्स एसोसिएशन आगरा चैप्टर से सम्पर्क करें, ताकि उन्हें उचित मंच पर उठाकर समाधान का प्रयास किया जा सके।
इस अवसर पर वयोवृद्ध सार्जेंट एवं प्रमुख व्यवसायी श्री सुरेश चंद्र सारस्वत के 80 वर्ष पूर्ण करने पर उनका विशेष सम्मान किया गया। उपस्थित सदस्यों ने उनके दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
समारोह में एयर फ़ोर्स के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्टेशन के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ग्रुप कैप्टन सुनील ओझा, उत्तर प्रदेश ब्रांच के उपाध्यक्ष ग्रुप कैप्टन वीरेन्द्र सिंह, ग्रुप कैप्टन शरद चौहान, विंग कमांडर आर. पी. सिंह, सचिव सार्जेंट भूप सिंह, ऑनरेरी फ़्लाइंग ऑफ़िसर सरनाम सिंह, ऑनरेरी फ़्लाइंग ऑफ़िसर आर. एस. यादव, ऑनरेरी फ़्लाइट लेफ़्टिनेंट एन. के. छाबड़ा, मास्टर वारंट ऑफ़िसर वीरेन्द्र प्रकाश, गणेश पाराशर, सत्येंद्र पाल सिंह, डॉ. एस. के. मोहन, राजकुमार पाठक सहित बड़ी संख्या में पूर्व वायु सैनिक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।समारोह का समापन पूर्व वायु सैनिक समुदाय की एकता, सेवा एवं कल्याण के संकल्प के साथ हुआ।
रिपोर्ट : असलम सलीमी



